
संवाददाता :नरेश विश्वकर्मा
निरसा/मुगमा: ईसीएल के मुगमा क्षेत्र अंतर्गत चापापुर में संचालित कोयला आउटसोर्सिंग कंपनी में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। परिसर में कोयला परिचालन कार्य में लगे एक हाईवा की चपेट में आने से लगभग 70 वर्षीय बुजुर्ग चांदु हेमब्रम, निवासी जामताड़ा, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रविवार दोपहर लगभग 12:00 बजे की है। बताया जाता है कि चांदु हेमब्रम पैदल चापापुर कोलियरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में हाईवा का पिछला चक्का उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि शरीर का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह चक्के के नीचे आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और परिजनों को इसकी सूचना दी गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने आउटसोर्सिंग कंपनी का कार्य तत्काल बंद करा दिया तथा मृतक के शव को घटनास्थल पर रखकर मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नियोजन (नौकरी) देने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
स्थिति को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीआईएसएफ और निरसा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। फिलहाल स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं मृतक के परिजन कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
