
सरायकेला :चांडिल वन क्षेत्र के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत गुंडा पंचायत के डीटांड और गुंडा गांव के बीच 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से दलमा गज परियोजना के एक टस्कर हाथी की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना को लेकर विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश रंजन ने बिजली विभाग और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
राकेश रंजन ने कहा कि यह केवल एक सामान्य दुर्घटना नहीं है, बल्कि बिजली विभाग और वन विभाग की घोर लापरवाही से हुई एक बेजुबान वन्यजीव की मौत है। इसे व्यवस्था की लापरवाही से हुई मौत मानते हुए इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
*ड्राइव टीम के साथ मौजूद थे रेंजर-फॉरेस्टर*
राकेश रंजन एवं ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन की तरह चांडिल वन विभाग की ओर से हाथी को गांव से भगाने के लिए एलिफेंट ड्राइव टीम लगाई गई थी। सोमवार की रात टस्कर हाथी को आबादी वाले क्षेत्र से बाहर खदेड़ने के दौरान रामायगोड़ा की एलिफेंट ड्राइव टीम के साथ वन विभाग के रेंजर और फॉरेस्टर भी मौके पर मौजूद थे। ग्रामीण भी इस अभियान में सहयोग कर रहे थे। इसी दौरान हाथी 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब हाथी को खदेड़ने वाली टीम के साथ वन विभाग के रेंजर और फॉरेस्टर स्वयं मौके पर मौजूद थे, तो क्या उन्हें इस क्षेत्र में झूलते हुए हाईटेंशन तार की जानकारी नहीं थी? क्या हाथी को खदेड़ने से पहले रास्ते का निरीक्षण नहीं किया गया था? क्या बिजली विभाग से संपर्क कर विद्युत आपूर्ति बंद कराने की जरूरत नहीं समझी गई?
जब चांडिल वन विभाग के जिम्मेदार पदाधिकारी मौके पर मौजूद थे, तो हाथी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की थी। आखिर बिना सुरक्षित रास्ते और बिजली व्यवस्था की जांच किए हाथी को खदेड़ने की कार्रवाई क्यों की गई? इन सभी पहलुओं की जांच होनी चाहिए।
*आबादी नहीं, फिर भी क्यों गुजर रही है 11,000 वोल्ट की लाइन?*
राकेश रंजन ने कहा कि गुंडा पंचायत में डीटांड और गुंडा गांव के बीच जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां न तो कोई गांव बसा हुआ है और न ही कोई आबादी निवास करती है। ऐसे क्षेत्र में 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की आवश्यकता और उसके संचालन की समीक्षा होनी चाहिए।
उन्होंने बिजली आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था का सुझाव देते हुए कहा कि चांडिल ग्रिड से बिजली आपूर्ति डीटांड तक होनी चाहिए, क्योंकि रसुनिया तक चांडिल ग्रिड से बिजली पहुंच रही है और उससे सटे गांवों को भी इसी व्यवस्था से बिजली उपलब्ध कराई जा सकती है। वहीं, आदरडीह ग्रिड से गुंडा गांव तक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर हाईटेंशन तार काफी नीचे लटक रहा है। पूरे क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के खंभे पुराने और जर्जर हो चुके हैं। तार ढीले होकर नीचे झूल रहे हैं। कहीं-कहीं तार जमीन से मात्र 10 से 12 फीट की ऊंचाई पर हैं। यह स्थिति हाथियों, अन्य वन्यजीवों, किसानों और आम नागरिकों के लिए गंभीर खतरा है।
*दलमा में हाथियों के संरक्षण पर भी उठाए सवाल*
राकेश रंजन ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि दलमा जैसे महत्वपूर्ण वन्यजीव संरक्षण क्षेत्र में हाथियों के संरक्षण और प्रबंधन के नाम पर सरकार द्वारा करोड़ों रुपये सालाना खर्च किए जाने की बात सामने आती है। इसके बावजूद आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां हैं कि वन विभाग हाथियों को सुरक्षित रूप से दलमा की ओर ले जाने में सफल नहीं हो पा रहा है?
क्या दलमा में हाथियों के लिए पर्याप्त भोजन, पानी, सुरक्षित आवास और अनुकूल वातावरण उपलब्ध है? क्या हाथियों के पारंपरिक गलियारों और आवागमन के रास्तों को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त कदम उठाए जा रहे हैं? जब हाथियों के संरक्षण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, तो फिर हाथियों और मानव बस्तियों के बीच लगातार संघर्ष की स्थिति क्यों उत्पन्न हो रही है? वन विभाग को इन सवालों का जवाब देना चाहिए। केवल हाथियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर खदेड़ना स्थायी समाधान नहीं हो सकता। उनके प्राकृतिक आवास, भोजन, पानी और सुरक्षित गलियारों को विकसित करना भी जरूरी है।
*आज हाथी की जान गई है, कल किसी इंसान की भी जा सकती है*
राकेश रंजन ने कहा कि बिजली विभाग आखिर किस बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? आज एक हाथी की जान चली गई, कल इसी लापरवाही के कारण किसी किसान, ग्रामीण या आम नागरिक की जान भी जा सकती है। क्या विभाग की जिम्मेदारी केवल दुर्घटना होने के बाद जांच और मुआवजा देने तक सीमित है? यदि समय रहते जर्जर खंभों को बदला जाता, ढीले तारों को दुरुस्त किया जाता और खतरनाक स्थानों पर बिजली व्यवस्था का निरीक्षण किया जाता, तो शायद इस बेजुबान हाथी की जान बचाई जा सकती थी।
*निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग*
विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश रंजन ने मांग की कि –
*1.* हाथी की मौत की घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।
*2.* वन विभाग और बिजली विभाग, दोनों की भूमिका की जांच हो।
*3.* मौके पर मौजूद रेंजर और फॉरेस्टर की भूमिका की भी जांच हो।
*4.* हाथी को खदेड़ने की कार्रवाई से पहले रास्ते और बिजली व्यवस्था का निरीक्षण किया गया था या नहीं, इसकी जांच हो।
*5.* डीटांड और गुंडा के बीच 11,000 वोल्ट की बिजली लाइन की आवश्यकता और वैकल्पिक व्यवस्था की समीक्षा हो।
*6.* क्षेत्र के सभी जर्जर बिजली खंभों और नीचे लटकते तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए।
*7.* हाथियों के सुरक्षित आवागमन के लिए वन विभाग और बिजली विभाग संयुक्त कार्ययोजना तैयार करें।
*8.* दलमा क्षेत्र में हाथियों के संरक्षण, भोजन, पानी, आवास और सुरक्षित गलियारों की स्थिति की समीक्षा की जाए।
*9.* जांच में लापरवाही प्रमाणित होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
राकेश रंजन ने अंत में कहा कि हाथी की मौत को महज एक दुर्घटना बताकर इस मामले को दबाया नहीं जाना चाहिए। यह सवाल केवल एक हाथी की मौत का नहीं, बल्कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार पूरी व्यवस्था की जवाबदेही का है।
वन विभाग द्वारा हाथी का पोस्टमार्टम कर उसे दफनाया जाएगा। इससे पूर्व हाथी के दोनों दांत निकाले जाएंगे। दोनों दांतों का वजन लगभग 50 से 60 किलो बताया जा रहा है। हाथी की मौत के बाद ग्रामीणों एवं वन विभाग में शोक है। सनातन धर्म के अनुसार हजारों महिला-पुरुषों ने हाथी को धूप-दीप दिखाकर प्रणाम किया और गणपति स्वरूप मानकर पूजा की।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
