• Tue. Jul 7th, 2026

नवीनगर में मिट्टी धंसने से दबकर अधेड़ की मौत, गांव में पसरा मातम

admin's avatar

Byadmin

Jul 7, 2026
crescent ad

 

 

नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

 

 

औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ठेंगो पंचायत के प्रह्लाद बिगहा गांव में दर्दनाक हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रह्लाद वीघा गांव निवासी 47 वर्षीय जयकुमार चंद्रवंशी के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जयकुमार चंद्रवंशी अपने घर की भराई के लिए ठेंगो गांव के समीप कररबार नदी किनारे से ट्रैक्टर पर मिट्टी लोड करा रहे थे। इसी दौरान अचानक नदी किनारे की मिट्टी भरभराकर धंस गई और भारी मात्रा में मिट्टी उनके ऊपर आ गिरी। हादसे में वह पूरी तरह मिट्टी में दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उन्हें मिट्टी से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में आनन-फानन में उन्हें नवीनगर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नवीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया गया है।हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि जयकुमार मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित सरकारी सहायता एवं मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *