• Thu. Jun 25th, 2026

झामुमो सरायकेला नगर कमेटी ने पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुधीर महतो की 70वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई

admin's avatar

Byadmin

Jun 25, 2026
crescent ad

 

 

सरायकेला – झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सरायकेला नगर समिति द्वारा झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय जननेता स्वर्गीय सुधीर महतो की 70वीं जन्मजयंती के अवसर पर जोबा माझी संसदीय कार्यालय, सरायकेला में उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उनके संघर्षमय जीवन, जनसेवा, झारखंड आंदोलन तथा राज्य निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण किया गया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो जिला उपाध्यक्ष श्री भोला मोहंती ने कहा कि स्व. सुधीर महतो झारखंड आंदोलन के एक सशक्त योद्धा होने के साथ-साथ लोकप्रिय जननेता थे। राजनीति में उनका योगदान झारखंड के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। चाहे छात्र आंदोलन हो, विधानसभा की प्रभावशाली बहसें हों अथवा उपमुख्यमंत्री के रूप में निभाई गई जिम्मेदारियां—उन्होंने हर भूमिका में जनता की आवाज़ को पूरी निष्ठा, साहस और गरिमा के साथ उठाया। उनका सादगीपूर्ण जीवन एवं जनता के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

 

नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि स्व. सुधीर महतो ने बिहार एवं झारखंड विधानसभा में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र का प्रभावशाली प्रतिनिधित्व किया और क्षेत्र सहित पूरे झारखंड की आवाज़ को मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि स्व. सुधीर महतो वीर शहीद निर्मल महतो के अनुज थे, इसलिए उनके व्यक्तित्व में भी झारखंड और झारखंडियों के प्रति अपार प्रेम, समर्पण और संघर्ष की भावना कूट-कूटकर भरी थी। उनका संघर्ष, बलिदान और जनसेवा का जीवन सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। महापुरुषों की जयंती केवल उन्हें स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज एवं राज्य के विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि “मैं झारखंड मुक्ति मोर्चा का एक समर्पित सिपाही होने के नाते स्व. सुधीर महतो के आदर्शों को आगे बढ़ाने तथा सरायकेला और झारखंड का नाम देश-विदेश में गौरवान्वित करने के लिए निरंतर कार्य करता रहूंगा।”

 

नगर पंचायत के उपाध्यक्ष श्री अविनाश कवि ने कहा कि स्व. सुधीर महतो ने झारखंड की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनके विचार और संघर्ष युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं तथा नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

 

कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने स्व. सुधीर महतो के बताए मार्ग पर चलकर झारखंड के सर्वांगीण विकास, सामाजिक न्याय एवं जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

 

इस अवसर पर सामु माझी, गौतम नायक, बबलू सिंह, कृष्णा राना, पंकज साहू, तपन कामिला, हेमंत सिंह, सूरज सिंह, विकास दारोगा, कुनाल साहू, पंकज साव, राजा सामल, दिनेश साहू सहित बड़ी संख्या में झारखंड मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *