• Thu. Jun 25th, 2026

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने प्रेस वार्ता कर दी महत्वपूर्ण जानकारी

admin's avatar

Byadmin

Jun 25, 2026
crescent ad

 

सरायकेला-खरसावाँ, 25 जून 2026 : – भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR 2026) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन एवं इससे संबंधित दिशा-निर्देशों, प्रक्रिया तथा समय-सारिणी की जानकारी मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित एनआईसी (NIC) सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने के लिए संचालित की जा रही है।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत के किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी पात्र मतदाता समय पर गणना प्रपत्र भरकर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को उपलब्ध कराएं, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन रूप में दर्ज रहे।

 

उन्होंने बताया कि एन्यूमरेशन चरण (30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026) के दौरान मतदाताओं से किसी भी प्रकार के दस्तावेज प्राप्त नहीं किए जाएंगे। इस अवधि में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र (Enumeration Form) उपलब्ध कराएंगे। मतदाताओं को आवश्यक विवरण भरकर, नवीनतम फोटो चिपकाकर एवं हस्ताक्षर कर गणना प्रपत्र की एक प्रति BLO को जमा करनी होगी तथा दूसरी प्रति पर प्राप्ति रसीद प्राप्त करनी होगी। Mapped एवं Unmapped दोनों श्रेणी के सभी मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र भरना अनिवार्य होगा।

 

उन्होंने जानकारी दी कि प्रवासी श्रमिकों, राज्य से बाहर अध्ययनरत विद्यार्थियों अथवा अन्य कारणों से राज्य से बाहर रहने वाले मतदाताओं के मामले में परिवार का कोई वयस्क सदस्य (Adult Family Member) संबंध एवं नाम का उल्लेख करते हुए ECINET के माध्यम से ऑनलाइन अथवा BLO से इलेक्ट्रॉनिक रूप में गणना प्रपत्र प्राप्त कर हस्ताक्षरित प्रति इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से उपलब्ध करा सकता है।

 

उन्होंने बताया कि सत्यापन अवधि (05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026) के दौरान केवल चिन्हित मतदाताओं से ही आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे। जिन मतदाताओं का नाम पूर्ववर्ती विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। यदि मतदाता अथवा उनके माता-पिता का नाम पूर्व SIR सूची में अंकित नहीं है, तो निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक की स्व-अभिप्रमाणित प्रति जमा करनी होगी।

 

उन्होंने बताया कि यदि कोई पात्र भारतीय नागरिक वर्तमान मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं है, तो वह प्रपत्र-6 एवं घोषणा पत्र भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकता है। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा पूर्व SIR सूची में नाम खोजने के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर-1950, ECINET पोर्टल एवं ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है।

 

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार है—

 

– अर्हता तिथि : 01 अक्टूबर 2026

– प्रशिक्षण एवं प्रपत्रों का मुद्रण : 20 जून से 29 जून 2026

– BLO द्वारा घर-घर सर्वेक्षण : 30 जून से 29 जुलाई 2026

– मतदान केन्द्रों का युक्तिकरण : 29 जुलाई 2026 तक

– प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन : 05 अगस्त 2026

– दावा एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि : 05 अगस्त से 04 सितम्बर 2026

– दावा एवं आपत्तियों का निस्तारण : 05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026

– अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन : 07 अक्टूबर 2026

 

उन्होंने बताया कि जिले में मतदाताओं के विवरण के अद्यतन एवं सत्यापन का कार्य निरंतर प्रगति पर है। 23 जून 2026 तक जिले के कुल 8,91,829 मतदाताओं में से 7,33,612 मतदाताओं (82.23 प्रतिशत) का मैपिंग कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है।

 

विधानसभावार प्रगति की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 50-इचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 88.42 प्रतिशत, 51-सरायकेला (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा क्षेत्र में 72.84 प्रतिशत तथा 57-खरसावां (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा क्षेत्र में 89.78 प्रतिशत मतदाताओं का मैपिंग कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष मतदाताओं का विवरण भी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अद्यतन किया जाएगा।

 

प्रेस वार्ता में निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी, 57-खरसावां (अ.ज.जा.) विधानसभा क्षेत्र-सह-अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी, 51-सरायकेला (अ.ज.जा.) विधानसभा क्षेत्र-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रारूल सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार समेत विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *