
चाईबासा, 25 जून 2026: पश्चिमी सिंहभूम जिला परिषद की सामान्य बैठक गुरुवार को जिला परिषद अध्यक्षा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत जिला परिषद सदस्यों के तिलक लगाकर स्वागत के साथ हुई। इसके बाद जिला परिषद परिसर में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।
उन्नति का पहिया योजना के तहत पांच छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। वहीं पांच लाभुकों को राशन कार्ड, पांच लाभुकों को अबुआ आवास योजना पूर्ण होने पर सांकेतिक रूप से आवास की चाबी एवं प्रेशर कुकर वितरित किए गए। आत्मनिर्भरता दलहन योजना के अंतर्गत पांच किसानों को उड़द बीज उपलब्ध कराया गया। फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान के तहत दो लाभुकों को 30-30 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया। इसके अलावा नेक नागरिक पुरस्कार एवं हिट एंड रन योजना के तहत भी लाभुकों को सहायता प्रदान की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। आईटीडीए द्वारा वन अधिकार अधिनियम के तहत वन पट्टा वितरण की स्थिति से सदन को अवगत कराया गया, जबकि अपर उपायुक्त ने राज्य आपदा मोचन निधि के तहत प्राकृतिक आपदा प्रभावित परिवारों को दी जाने वाली सहायता राशि की जानकारी साझा की।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिशन उदय, किशोरियों में बढ़ती टीनएज प्रेग्नेंसी की रोकथाम तथा आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने सदर अस्पताल में सीटी स्कैन एवं एमआरआई सुविधा उपलब्ध कराने, उप स्वास्थ्य केंद्रों में एंबुलेंस सुविधा सुनिश्चित करने तथा सर्पदंश के मामलों में मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने पर जोर दिया।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने हिट एंड रन मामलों में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को सम्मानित किए जाने तथा प्रत्येक प्रखंड में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित करने की जानकारी दी। वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जिले के बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन की जानकारी देते हुए बताया कि मैट्रिक परीक्षा में जिला राज्य स्तर पर 17वें स्थान पर रहा, जबकि इंटरमीडिएट कला संकाय में छठे और विज्ञान संकाय में नौवें स्थान पर स्थान प्राप्त किया।
बैठक में वर्षा ऋतु के दौरान डायरिया एवं मलेरिया की रोकथाम, जलभराव की समस्या, किसानों को कृषि कार्य हेतु ईंधन उपलब्धता तथा आपदा प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य एवं स्वच्छता अभियान चलाने का सुझाव दिया।
सदन ने जिला परिषद परिसर स्थित जर्जर एवं कंडम घोषित पुराने विपणी भवन को ध्वस्त करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया। इसके अलावा जिला परिषद की भूमि पर स्थित भवनों एवं संस्थानों से निर्धारित किराया वसूली के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई। हाटगमहरिया डाक बंगला की जमानत राशि को 2.50 लाख रुपये से घटाकर 1 लाख रुपये करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली।
बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नशा मुक्ति और मलेरिया उन्मूलन की शपथ ली तथा पश्चिमी सिंहभूम जिले के समग्र विकास को नई गति देने का संकल्प दोहराया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
