• Mon. Aug 10th, 2026

उपायुक्त की अध्यक्षता में कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न

admin's avatar

Byadmin

Aug 10, 2026
crescent ad

 

सरायकेला -समाहरणालय सभागार में उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की अद्यतन प्रगति एवं क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत योग्य लाभुकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

बैठक में उपायुक्त द्वारा प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति, पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण योजना, मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

समीक्षा के क्रम में धूमकुड़िया भवन, मांझीथान, सेड निर्माण, जाहेरथान सहित अन्य योजनाओं के तहत संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही, ऐसी योजनाएं जिनकी स्वीकृति अथवा संचालन को तीन वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन किसी कारणवश अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है, ऐसी योजनाओं की समीक्षा करते हुए नियमानुसार योजना सरेंडर करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

 

उपायुक्त ने साइकिल वितरण योजना की समीक्षा के क्रम में लंबित कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि साइकिल वितरण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित साइकिल वितरण करने वाले संवेदक के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, संबंधित पदाधिकारियों को वितरण कार्य की नियमित निगरानी एवं भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

 

एकलव्य विद्यालयों एवं कल्याण विभाग द्वारा संचालित स्वास्थ्य केंद्रों के संचालन की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को नियमित रूप से संबंधित संस्थानों एवं स्वास्थ्य केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने तथा रोस्टर के अनुरूप चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लाभुकों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

 

समीक्षा के दौरान एकलव्य विद्यालय के प्रधानाचार्यों द्वारा विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं, आवश्यक संसाधनों, संचालन, जीर्णोद्धार एवं मरम्मति, विद्युत सेवा तथा एप्रोच रोड के निर्माण से संबंधित समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया गया। उपायुक्त ने प्राप्त समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्य एजेंसियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के समाधान की दिशा में अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग करते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ कोई भी योग्य लाभुक से वंचित न रहे, इसे सुनिश्चित करना संबंधित विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

 

बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए श्रीमती उषा मुंडू, सभी संबंधित कार्य एजेंसियों के कार्यपालक अभियंता, सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *