
*चाईबासा* पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में रविवार, 12 जुलाई को आयोजित होने वाली पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर समीक्षा बैठक एवं ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, ट्रेजरी ऑफिसर सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वर्चुअल माध्यम से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं परीक्षा आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।
बैठक में बताया गया कि चाईबासा शहर के तीन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 1,585 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के दौरान निर्धारित मानकों के अनुसार सघन जांच की जाए तथा महिला परीक्षार्थियों के लिए अलग जांच व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

मानसून को देखते हुए उपायुक्त ने विशेष तैयारी रखने पर जोर देते हुए कहा कि यदि कोई परीक्षार्थी बारिश में भीगकर परीक्षा केंद्र पहुंचे तो उसके लिए केंद्र परिसर में चेंजिंग रूम की व्यवस्था हो। साथ ही अतिरिक्त छतरी, तौलिया एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखी जाए ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन एवं वितरण, सुरक्षा व्यवस्था तथा गोपनीयता बनाए रखने के बिंदुओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों से सिटिंग प्लान, सुरक्षा प्रबंध एवं अन्य तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए परीक्षा का शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
