
सरायकेला, 6 अगस्त। विश्व आदिवासी दिवस 2026 के अवसर पर 9 अगस्त को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित रीगल मैदान में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सरायकेला परिसदन में आदिवासी छात्र एकता की ओर से संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य एवं विभिन्न सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2007 से आदिवासी छात्र एकता लगातार विश्व आदिवासी दिवस का आयोजन करती आ रही है।
इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य नारा “अपनी पहचान को पहचानो” रखा गया है। उन्होंने कहा कि विश्वभर में आदिवासी समाज के अधिकारों, संस्कृति एवं पहचान के संरक्षण के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाया जाता है।
संवाददाता सम्मेलन में कहा गया कि कार्यक्रम के दौरान नई शिक्षा नीति (NEP-2020), भूमि अधिग्रहण अधिनियम-2013 का अनुपालन, सरना धर्म कोड की मांग, संविधान की पांचवीं अनुसूची, अनुसूचित क्षेत्रों में पेसा (PESA) कानून के प्रभावी क्रियान्वयन, सीएनटी एवं एसपीटी एक्ट, विल्किंसन रूल्स, लैंड बैंक नीति तथा आदिवासी अधिकारों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
साथ ही अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा एवं विभिन्न राज्यों में आदिवासियों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में झारखंड सहित असम, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के प्रबुद्धजन, छात्र, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बुद्धिजीवी शामिल होंगे। सम्मेलन में वर्तमान समय में आदिवासी समाज के समक्ष मौजूद विभिन्न चुनौतियों तथा एसआईआर (SIR) एवं परिसीमन (Delimitation) जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
संवाददाता सम्मेलन में संस्थापक सह मुख्य संरक्षक जोसाई मार्डी, अध्यक्ष हेमेन्द्र हांसदा, फागु राम हांसदा, अर्जुन सोरेन, रूपचंद मार्डी, नवीन मुर्मू, हरिशचंद्र टुडू, भगवान हेंब्रम, काली कृष्णा मुर्मू, सुरीला मुर्मू सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
आयोजन समिति ने अधिक से अधिक लोगों से 9 अगस्त को रीगल मैदान, बिष्टुपुर पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
