
राजनगर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड स्थित बेसिक स्कूल मैदान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम सांसद जोबा माझी शामिल हुईं।
वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो नेता एवं शिक्षाविद् प्रो.के. पी सोरेन , झामुमो केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष भुगलू सोरेन तथा दुर्गा लाल मुर्मू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आदिवासी सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली।
पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे लोगों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया। पारंपरिक गीत-संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। सांसद जोबा माझी ने विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए समाज से एकजुट रहने तथा अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अपनी पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को संगठित होकर आगे बढ़ना होगा। इस अवसर पर प्रो. के.पी. सोरेन ने आदिवासी समाज के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि आदिवासियों का इतिहास त्याग और संघर्ष से भरा रहा है।
उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों, पहचान और सांस्कृतिक संरक्षण के मुद्दों पर अपनी बात रखी। साथ ही विश्व आदिवासी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समुदाय के मेधावी बच्चों को सम्मानित किया गया।
वहीं सांसद जोबा माझी ने प्रभात खबर के स्थानीय संवाददाता सुरेंद्र मार्डी तथा दैनिक जागरण के संवाददाता पीतांबर सोय को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति, इतिहास, परंपरा, अधिकार और सामाजिक एकजुटता का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
