
सरायकेला – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के अंतर्गत आज निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 57-खरसावाँ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-सह-अपर उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री जयवर्धन कुमार ने कुचाई प्रखंड अंतर्गत विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों में अपेक्षाकृत कम प्रगति (Low Performing) वाले विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण एवं संग्रहण, घर-घर सत्यापन की प्रगति, प्राप्त गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण, ASDD (Absent, Shifted, Death, Duplicate) सूची के निर्माण सहित विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से मतदान केंद्रवार प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लंबित कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने निर्देश दिया कि घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान यदि किसी पात्र मतदाता का गणना प्रपत्र किसी कारणवश प्राप्त नहीं हो सका हो, तो उससे पुनः संपर्क स्थापित कर गणना प्रपत्र प्राप्त करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी परिस्थिति में किसी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए। साथ ही गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत संग्रहण, समयबद्ध डिजिटलीकरण तथा प्रत्येक प्रविष्टि के भौतिक सत्यापन के उपरांत ASDD (Absent, Shifted, Death, Duplicate) सूची का त्रुटिरहित निर्माण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लो-परफॉर्मिंग मतदान केंद्रों पर विशेष फोकस रखते हुए नियमित अनुश्रवण एवं सतत समीक्षा के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए। सभी लंबित गणना प्रपत्रों का शीघ्र संग्रहण एवं डिजिटलीकरण करते हुए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
कम प्रगति वाले सभी मतदान केंद्रों के लिए विशेष कार्ययोजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत डिजिटलीकरण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों एवं वॉलंटियर्स को छूटे हुए मतदाताओं की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि प्रत्येक छूटे हुए मतदाता से शीघ्र संपर्क स्थापित कर गणना प्रपत्र प्राप्त करते हुए डिजिटलीकरण का कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा सके। आवश्यकता पड़ने पर इस कार्य हेतु कंट्रोल रूम में प्रतिनियुक्त कर्मियों से शिफ्टवार कार्य लेने का भी निर्देश दिया गया, ताकि डिजिटलीकरण का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण हो सके।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की सफलता सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के समन्वित प्रयास पर निर्भर है। सभी संबंधित अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें।
निरीक्षण के दौरान संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
