
रिपोर्ट,अरुण कुमार सैनी
केंदुआ(धनबाद) 20 नवंबर: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के शोधकर्ताओं ने ऐसी नई तकनीक विकसित की है, जो बिना बिजली और पारंपरिक कूलिंग सिस्टम के धूप में भी किसी सतह का तापमान आसपास के वातावरण से करीब 5.3 डिग्री सेल्सियस तक कम कर सकती है। यह तकनीक भवनों और अन्य संरचनाओं में गर्मी के जमाव को कम कर एयर कंडीशनिंग (एसी) पर निर्भरता घटाने में मददगार हो सकती है। खासकर गर्म जलवायु वाले क्षेत्रों के लिए यह तकनीक ऊर्जा की बचत करने वाली, पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ कूलिंग का विकल्प बन सकती है। इस तकनीक में अल्ट्रा-हाई मॉलिक्यूलर वेट पॉलीएथिलीन (यूएचएमडब्ल्यूपीई) नामक हल्के और मजबूत प्लास्टिक पदार्थ से बनी विशेष पतली फिल्म का इस्तेमाल किया गया है। इसमें सिलिकॉन डाइऑक्साइड और टाइटेनियम डाइऑक्साइड के बेहद छोटे कण मिलाए गए हैं। ये पदार्थ सूर्य की रोशनी के बड़े हिस्से को वापस परावर्तित करने के साथ सतह की गर्मी को वातावरण में बाहर निकालने में मदद करते हैं, जिससे प्राकृतिक रूप से ठंडक पैदा होती है यह तकनीक पैसिव डे-टाइम रेडिएटिव कूलिंग के सिद्धांत पर काम करती है, जिसमें बिना किसी बाहरी ऊर्जा के सतह का तापमान कम किया जाता है। शोधकर्ताओं ने फिल्म बनाने की एक अपेक्षाकृत सरल प्रक्रिया और विशेष सतही संरचना विकसित की है, जिससे इसकी ठंडक प्रदान करने की क्षमता बेहतर होती है। इस तकनीक की खासियत यह भी है कि कई फिल्मों को एक-दूसरे के ऊपर छोटे हवा के अंतराल के साथ लगाया जा सकता है। इससे गर्मी का स्थानांतरण कम होता है और ठंडक के साथ तापरोधक क्षमता भी बेहतर होती है। हल्की और लचीली होने के कारण इन फिल्मों का इस्तेमाल छतों, दीवारों, औद्योगिक संरचनाओं, वाहनों और धूप के संपर्क में आने वाली अन्य सतहों पर किया जा सकता है। वहीं इसके शोधकर्ता गौरव कुमार, वरिष्ठ शोध अध्येता (एसआरएफ), ने कहा, “यह फिल्म सीधे धूप में भी बिना बिजली खर्च किए प्रभावी ठंडक प्रदान कर सकती है।”प्रो. केसवन रवि, ईंधन, खनिज एवं धातुकर्म अभियांत्रिकी (एफएमएमई) के संकाय सदस्य, ने कहा, “इसकी आसान निर्माण प्रक्रिया और बहुस्तरीय डिजाइन इसे भविष्य में व्यावहारिक इस्तेमाल के लिए संभावनाशील बनाते हैं।”प्रो. सार्थक एस. सिंह, यांत्रिक अभियांत्रिकी (एमई) के संकाय सदस्य, ने कहा, “यह तकनीक गर्मी के जमाव को कम करने और ऊर्जा दक्ष ठंडक समाधान विकसित करने में मदद कर सकती है।” निर्माण की अपेक्षाकृत सरल प्रक्रिया के कारण भविष्य में इस तकनीक का बड़े स्तर पर इस्तेमाल संभव हो सकता है। खासकर उन क्षेत्रों में जहां तापमान अधिक रहता है और ठंडक की जरूरत लगातार बढ़ रही है इस तकनीक को पेटेंट संख्या 609802 प्रदान किया गया है। पेटेंट का शीर्षक “अल्ट्रा-हाई मॉलिक्यूलर वेट पॉलीएथिलीन की ऐसी पतली फिल्म बनाने की विधि, जो आसपास के तापमान से कम तापमान पर ठंडक प्रदान करने में सक्षम हो, तथा उसकी ठंडक क्षमता बढ़ाने की विधि” है। पेटेंट 17 नवंबर, 2026 को प्रदान किया गया। इस तकनीक के इनोवेटर्स में गौरव कुमार, वरिष्ठ शोध अध्येता (एसआरएफ), ईंधन, खनिज एवं धातुकर्म अभियांत्रिकी; केसवन रवि, ईंधन, खनिज एवं धातुकर्म अभियांत्रिकी के संकाय सदस्य; और सार्थक एस. सिंह, यांत्रिक अभियांत्रिकी के संकाय सदस्य, आईआईटी (आईएसएम) धनबाद शामिल हैं।

There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
