
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-17 स्थित प्रभात पार्क के आसपास बढ़ती अव्यवस्था, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों की मौजूदगी को लेकर स्थानीय दुकानदारों एवं वार्ड पार्षद ने विधायक चंपाई सोरेन से उनके झिलिंगोड़ा स्थित आवास पर मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। वार्ड पार्षद श्रीमती नीतू शर्मा ने विधायक को बताया कि प्रभात पार्क आम लोगों के घूमने-फिरने और मनोरंजन का प्रमुख स्थल है, लेकिन पार्क के आसपास संचालित कुछ दुकानों के कारण क्षेत्र का माहौल बिगड़ता जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अन्य दुकानदारों को डराकर और धमकाकर अवैध रूप से पैसे की उगाही करते हैं। साथ ही कुछ दुकानों में नशीले पदार्थों की बिक्री भी की जाती है, जिससे शाम होते ही क्षेत्र में नशेड़ियों का जमावड़ा लगने लगता है। पार्षद ने कहा कि पार्क के आसपास आए दिन असामाजिक तत्वों द्वारा विवाद, मारपीट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं।
इसके अलावा राहगीरों से मोबाइल छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं की शिकायतें भी लगातार मिल रही हैं। उन्होंने जनहित और सुरक्षा को देखते हुए पार्क के आसपास स्थित दुकानों को हटाकर किसी वैकल्पिक स्थान पर व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित करने की मांग की। शिकायत सुनने के बाद विधायक चंपाई सोरेन ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि प्रभात पार्क क्षेत्र की स्थिति का निरीक्षण कराया जाएगा और यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं तो नगर निगम के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्क परिसर और उसके आसपास गंदगी, अवैध गतिविधियों तथा किसी भी प्रकार की जबरन वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक ने यह भी कहा कि झूठे बहाने बनाकर लोगों से पैसे की उगाही करने वाले दुकानदारों अथवा संबंधित संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
