• Wed. Jun 10th, 2026

Adityapur : मृत्यु प्रमाण पत्र में रिश्वत मांगने के आरोप से नगर निगम में मचा बवाल, उपनगर आयुक्त पारुल सिंह ने छोड़ा शाखा का प्रभार

Subhasish Kumar's avatar

BySubhasish Kumar

Jun 9, 2026
crescent ad
आदित्यपुर नगर निगम की जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा एक बार फिर विवादों में है। मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप और उसके बाद हुए विरोध प्रदर्शन ने निगम प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले के बीच शाखा का प्रभार संभाल रहीं उपनगर आयुक्त पारुल सिंह ने भी स्वयं को इस दायित्व से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक नागरिक ने नगर निगम को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उसकी दादी के मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए निगम कर्मी रविंद्र राम द्वारा चार हजार रुपये की मांग की गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कथित रूप से दो हजार रुपये एफिडेविट तैयार कराने वाले व्यक्ति को तथा दो हजार रुपये स्वयं रखने की बात कही गई थी। शिकायत सामने आने के बाद युवा जनशक्ति मोर्चा ने नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
इसी बीच उपनगर आयुक्त पारुल सिंह द्वारा लिखा गया एक पत्र भी चर्चा का विषय बन गया है, जिसमें उन्होंने जन्म एवं मृत्यु शाखा के प्रभार से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद जांच का आश्वासन देते हुए संबंधित फाइल अग्रसारित की गई थी, लेकिन मामले में अंतिम निर्णय नहीं हो सका। घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
यदि शिकायत की जांच हुई तो उसका परिणाम क्या रहा? आरोप सही पाए गए या निराधार साबित हुए? यदि आरोप सही थे तो कार्रवाई क्यों नहीं हुई और यदि गलत थे तो शिकायतकर्ता के आरोपों का सार्वजनिक खंडन क्यों नहीं किया गया?.नगर निगम के अंदरूनी हलकों में यह चर्चा भी तेज है कि मामला अब केवल एक शिकायत तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों के बीच अधिकार क्षेत्र और प्रतिष्ठा से जुड़े विवाद का रूप ले चुका है।
हालांकि उपलब्ध दस्तावेज केवल शिकायत और प्रशासनिक पत्राचार को दर्शाते हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और आरोपित कर्मी का पक्ष भी अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है। ऐसे में पूरे मामले की सच्चाई निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा को लेकर उठे इस विवाद ने नगर निगम प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है और लोगों की नजर अब जांच के परिणाम तथा प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *