
सरायकेला -उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों के निष्पादन, लाभुक सत्यापन तथा सहायता राशि भुगतान की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लंबित आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लाभुकों को समयबद्ध रूप से योजनाओं से आच्छादित किया जाए। साथ ही सभी स्वीकृत लाभुकों को सहायता राशि का नियमित एवं समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

स्पॉन्सरशिप योजना की समीक्षा के क्रम में प्राप्त आवेदनों का विभागीय प्रावधानों के अनुरूप निष्पादन करते हुए पात्र बच्चों को योजना से जोड़ने तथा लाभुकों को नियमित रूप से सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। लंबित मामलों के निष्पादन में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत लंबित लाभुक सत्यापन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभुक सत्यापन में आ रही तकनीकी समस्याओं एवं अन्य बाधाओं से विभाग को अविलंब विभागीय स्तर पर प्रतिवेदित करने को कहा गया, ताकि उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करते हुए सत्यापन कार्य पूर्ण किया जा सके।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित रूप से पहुंचाने हेतु आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर, सहायक निदेशक समाजिक सुरक्षा श्रीमती निवेदिता राय, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO), महिला पर्यवेक्षिका (LS) सहित सामाजिक सुरक्षा एवं समाज कल्याण विभाग से संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
