
*झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा* के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट जागृति-बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम के तहत सदर अस्पताल चाईबासा परिसर स्थित कुपोषण उपचार केंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का सिंहभूम सांसद जोबा माझी, मझगांव विधायक निरल पूर्ति एवं उपायुक्त मनीष कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सांसद एवं माननीय विधायक की गरिमामयी उपस्थिति में उपायुक्त मनीष कुमार ने स्वयं स्वैच्छिक रक्तदान कर आम नागरिकों, युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों को रक्तदान के लिए आगे आने का प्रेरक संदेश दिया। उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान देने का पुनीत कार्य है। प्रत्येक स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति को नियमित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। इस अवसर पर रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों के उत्साहवर्धन एवं उनके योगदान के सम्मान में उन्हें प्रशस्ति पत्र, शर्ट एवं कॉफी मग प्रदान कर सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति ने रक्तदान के प्रति सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया।
माननीय सांसद जोबा माझी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे उत्कृष्ट माध्यम है। किसी जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराना उसके जीवन की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के महत्व को समझते हुए इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

माननीय विधायक निरल पूर्ति ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता और सहयोग की भावना विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविरों के आयोजन से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे आगे आकर नियमित स्वैच्छिक रक्तदान करें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रोजेक्ट जागृति-बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम का उद्देश्य जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना है। रक्तदान इसी मानवीय भावना का महत्वपूर्ण उदाहरण है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और जरूरत के समय स्वैच्छिक रक्तदाताओं द्वारा दिया गया रक्त किसी मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। उन्होंने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए अन्य लोगों को भी प्रेरित करें। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह योगदान मानव सेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ. मीणा कालुण्डिया, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक शिवचरण हांसदा सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, चिकित्सा कर्मी एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
