
मझगांव : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव प्रखंड अंतर्गत खड़पोस मैदान में पहली बार इतिहाद-ए-मिल्लत व इस्लाह-ए-मुआशरा सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन से पूर्व मंगलवार को अंजुमन इस्लामिया खड़पोस की ओर से भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 156 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस दौरान हैलमेट, प्रमाण पत्र, कंबल वितरण कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी, मझगांव विधायक निरल पूर्ति, पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार और सिविल सर्जन डॉ. मीना कलुण्डिया सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल हुए। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और सामाजिक एकता व सुधार के लिए आयोजित होने वाले सम्मेलन की सराहना की। अतिथियों ने कहा कि इस्लाह-ए-मुआशरा जैसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समाज से बाल विवाह, दहेज प्रथा और शादी-विवाह में होने वाली फिजूलखर्ची जैसी कुरीतियों को समाप्त करने की जरूरत है। इन आयोजनों के माध्यम से शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रत्येक बच्चे को बेहतर स्कूली शिक्षा उपलब्ध कराने का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है। शादी-विवाह में अनावश्यक खर्च करने के बजाय उस राशि को बच्चों की शिक्षा पर खर्च किया जाना चाहिए, ताकि समाज का भविष्य बेहतर बन सके।
-देशभर के उलेमा रखेंगे सामाजिक सुधार पर विचार

अंजुमन इस्लामिया खड़पोस की ओर से आयोजित एक दिवसीय सम्मेलन में देशभर के प्रमुख उलेमा और इस्लामी विद्वान शामिल होंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य मुस्लिम समाज में एकता, शिक्षा और सामाजिक सुधार को बढ़ावा देना है। इसमें प्रत्येक घर के बच्चों के लिए स्कूली शिक्षा अनिवार्य करने, सामाजिक न्याय, बाल विवाह पर रोक, दहेज प्रथा का उन्मूलन, शादी-विवाह में फिजूलखर्ची रोकने तथा दूसरे समुदायों के साथ आपसी समन्वय और भाईचारा मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे उलेमा अपने विचारों और मार्गदर्शन के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर अंजुमन इस्लामिया खड़पोस के सभी पदाधिकारी, प्रखंड के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
