• Tue. Nov 24th, 2026

झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 121 टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण

admin's avatar

Byadmin

Nov 24, 2026
crescent ad

 

*मा.सांसद जोबा माझी, मा.विधायक निरल पूर्ति एवं उपायुक्त मनीष कुमार ने मरीजों को प्रदान की पोषण सामग्री*

 

झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनकल्याणकारी गतिविधियों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज सदर अस्पताल चाईबासा परिसर स्थित कुपोषण उपचार केंद्र में *”प्रोजेक्ट जागृति- बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम”* के अंतर्गत टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिंहभूम की माननीय सांसद श्रीमती जोबा माझी, मझगांव के माननीय विधायक श्री निरल पूर्ति एवं उपायुक्त श्री मनीष कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जिले के कुल 121 टीबी मरीजों के लिए पोषण सहायता उपलब्ध कराई गई। इनमें 76 नए टीबी मरीजों को पहली बार तथा 45 मरीजों को दूसरी बार फूड बास्केट प्रदान की गई। फूड बास्केट के माध्यम से मरीजों को पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराकर उनके उपचार के दौरान पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग देने का प्रयास किया गया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय सांसद श्रीमती जोबा माझी ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी आवश्यक है। टीबी मरीजों को समय पर उपचार के साथ पौष्टिक भोजन एवं परिवार और समाज का सहयोग मिलना चाहिए। उन्होंने निक्षय मित्रों सहित सभी सहयोगियों से अपील की कि वे टीबी मरीजों की सहायता के लिए आगे आएं, ताकि कोई भी मरीज पोषण और संसाधनों के अभाव में उपचार से वंचित न रहे।

 

माननीय विधायक श्री निरल पूर्ति ने कहा कि टीबी एक उपचार योग्य बीमारी है। इसके प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने, मरीजों के साथ सकारात्मक व्यवहार करने तथा उन्हें उपचार पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। पोषण सहायता जैसी पहल मरीजों को बीमारी से लड़ने में सहयोग प्रदान करती है।

 

उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। टीबी मरीजों के उपचार में नियमित दवा सेवन के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार की विशेष भूमिका होती है। इसी उद्देश्य से जिले में प्रोजेक्ट जागृति के माध्यम से मरीजों तक पोषण सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि आर्थिक या सामाजिक कठिनाइयों के कारण किसी भी टीबी मरीज के उपचार एवं पोषण में बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने निक्षय मित्रों एवं समाज के सक्षम लोगों से टीबी मरीजों को गोद लेकर नियमित रूप से सहयोग प्रदान करने की अपील की।

 

सिविल सर्जन डॉ. मीणा कालुण्डिया ने कहा कि टीबी मरीजों के बेहतर उपचार एवं शीघ्र स्वस्थ होने के लिए नियमित दवा सेवन, चिकित्सकीय परामर्श का पालन तथा पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों की पहचान, जांच, उपचार एवं पोषण सहायता से संबंधित गतिविधियों को निरंतर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी मरीजों से उपचार की पूरी अवधि तक नियमित रूप से दवा लेने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की।

 

इस अवसर पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. शिव चरण हांसदा, कुष्ठ निवारण पदाधिकारी श्रीमती मीना कुमारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीरज कुमार सहित जिले के विभिन्न स्वास्थ्य पदाधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, निक्षय मित्र एवं टीबी मरीज उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *