• Tue. Nov 24th, 2026

पलाश मार्ट को आकर्षक, सुविधाजनक एवं आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में पहल तेज, उपायुक्त ने किया निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण

admin's avatar

Byadmin

Nov 24, 2026
crescent ad

 

 

पश्चिमी सिंहभूम जिले में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार एवं आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज उपायुक्त मनीष कुमार ने चाईबासा शहर के पोस्ट ऑफिस चौक स्थित निर्माणाधीन नए “पलाश मार्ट” का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने भवन निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा मार्ट को आधुनिक, आकर्षक, सुरक्षित और ग्राहकों के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से संबंधित अभियंता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पलाश मार्ट केवल उत्पादों की बिक्री का केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, हुनर, आत्मनिर्भरता और सफलता की पहचान का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा। इसलिए इसके निर्माण एवं आंतरिक-बाह्य साज-सज्जा में गुणवत्ता और आकर्षण का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

 

उपायुक्त ने भवन निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि मार्ट परिसर में ग्राहकों की सुविधा के लिए स्वच्छ पेयजल एवं हाथ धोने हेतु बेसिन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरे तथा विद्युत आपूर्ति के लिए अलग बिजली मीटर लगाया जाए। मार्ट के बाहरी हिस्से की दीवारों पर पुट्टी का कार्य, परिसर में गोलाकार पेवर्स ब्लॉक लगाने तथा ग्राहकों के बैठने और आराम करने के लिए छाता एवं कुर्सियों की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया। मार्ट की पहचान को और अधिक आकर्षक एवं प्रभावशाली बनाने के लिए उपायुक्त ने आधुनिक प्रकाश व्यवस्था से युक्त साइन बोर्ड लगाने तथा ग्राहकों की सुविधा के लिए दीवार एवं टेबल पर बड़े आकार के मेन्यू कार्ड प्रदर्शित करने को कहा। इसके अतिरिक्त मार्ट की दीवारों पर पलाश एवं बदलाव की थीम आधारित आकर्षक वॉल पेंटिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि यहां आने वाले ग्राहकों को एक बेहतर और विशिष्ट अनुभव प्राप्त हो सके।

 

उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने भवन निर्माण विभाग के अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान बताए गए सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने जिला कार्यक्रम प्रबंधक-झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी को भी निर्देशित किया कि निर्माण एवं आवश्यक साज-सज्जा का कार्य पूरा होते ही नए पलाश मार्ट का शीघ्र उद्घाटन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पलाश मार्ट के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की महिला उद्यमियों एवं सखी मंडलों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए एक व्यवस्थित एवं सशक्त बाजार उपलब्ध होगा। इससे उनके उत्पादों को व्यापक पहचान मिलेगी, बाजार तक पहुंच बढ़ेगी और महिलाओं की आय एवं आजीविका के अवसरों में वृद्धि होगी।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *