
जमशेदपुर । संवाद 2026 के तीसरे दिन विभिन्न सत्रों में हुई चर्चाओं के केंद्र में सामुदायिक ज्ञान, जीवन के अनुभव और बदलती आकांक्षाएं रहीं। सामुदायिक उपचार पद्धतियों और पारंपरिक हस्तशिल्प से लेकर सिनेमा, संगीत और समुदाय आधारित शोध तक, दिनभर चली चर्चाओं में लोगों ने इस बात पर विचार किया कि उनकी विरासत में क्या-क्या शामिल है, किन परंपराओं के खोने का खतरा है और आने वाली पीढ़ियों के लिए इन्हें कैसे प्रासंगिक बनाए रखा जा सकता है।
संवाद फेलोशिप 2026 के तहत फेलोशिप के दूसरे दिन आयोजित पिचिंग सत्रों में समुदायों की ओर से तैयार किए गए 13 प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तावों का उद्देश्य मौखिक परंपराओं, अनुष्ठान पद्धतियों, पारंपरिक बुनाई, पूर्वजों की स्मृतियों और समुदाय आधारित डिजिटल अभिलेखागार सहित जनजातीय विरासत के विभिन्न पहलुओं का दस्तावेजीकरण करना और उन्हें फिर से जीवंत बनाना था। इन प्रस्तुतियों में कोंडा रेड्डी, उरांव, खासी, भील तड़वी और वेलिप सहित कई समुदायों के विचार और दृष्टिकोण सामने आए।

पारंपरिक जनजातीय उपचार पद्धतियों पर हुई चर्चाओं में 14 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें कुल 21 समूहों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। चर्चाओं में पारंपरिक उपचार, प्रकृति, संस्कृति, आध्यात्मिकता और सामुदायिक जीवन के बीच संबंधों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, औषधीय पौधों, पूर्वजों से मिले ज्ञान और पीढ़ी-दर-पीढ़ी ज्ञान के हस्तांतरण जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।प्रतिभागियों ने इस बात पर भी जोर दिया कि पारंपरिक उपचार पद्धतियों से जुड़े ज्ञान को संरक्षित करते हुए सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक ज्ञान के जानकारों का सम्मान बनाए रखना जरूरी है। इसके साथ ही, मरीजों की सुरक्षा, नैतिक तौर-तरीकों और पारंपरिक उपचार पद्धतियों के प्रति जिम्मेदार दृष्टिकोण सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी विचार किया गया।

‘समुदाय के साथ’ सत्र में सिनेमा के माध्यम से पहचान, स्मृतियों और उनके चित्रण के विभिन्न पहलुओं को समझने का प्रयास किया गया। दिनभर के कार्यक्रम में पांच फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इनमें ‘धोरोम’, ‘द ट्रेल ऑफ फागुन’, ‘काशोपापु’, ‘ऊर्णा – इन सर्च ऑफ आदिवासी विमेन ट्रेडिशनल हीलर’ और ‘जमुना टुडू – द लेडी टार्जन’ शामिल थीं। फिल्म प्रदर्शन के बाद फिल्म निर्माताओं के साथ संवाद भी हुआ। इन चर्चाओं में फिल्मों के पीछे की कहानियों और अनुभवों को साझा किया गया। साथ ही, इस बात पर भी विचार हुआ कि जनजातीय दृष्टिकोण, ज्ञान परंपराओं और सामुदायिक कहानियों पर आधारित फिल्म निर्माण की अपनी एक अलग शैली कैसे विकसित की जा सकती है।
अखड़ा में समुदायों को अपनी बात और अनुभव साझा करने के लिए एक खुला मंच मिलता रहा। यहां जनजातीय स्वशासन, पर्यावरण, भाषा और सांस्कृतिक विरासत जैसे विषयों पर विभिन्न दृष्टिकोण सामने आए। इन चर्चाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को एक-दूसरे के विचारों और अनुभवों को सुनने तथा अपने समुदायों से जुड़े मुद्दों पर विचार करने का अवसर मिला।
पारंपरिक खानपान भी ज्ञान और सांस्कृतिक पहचान को साझा करने का एक माध्यम बना। मेघालय, नगालैंड और गुजरात के प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्र के पारंपरिक व्यंजन, स्थानीय सामग्री, खाना पकाने के तरीके और खानपान से जुड़ी परंपराओं को प्रस्तुत किया। यहां आए लोगों और प्रतिनिधियों को प्रतिभागियों से बातचीत करने, व्यंजन तैयार होते देखने और उनसे जुड़ी कहानियों एवं सांस्कृतिक महत्ता को समझने का अवसर मिला। दिन के खानपान से जुड़े कार्यक्रम में ओडिशा और महाराष्ट्र के सत्र भी शामिल हैं।
शाम को आयोजित ‘रिदम्स ऑफ द अर्थ’ (RoTE) कार्यक्रम में 11 जनजातीय संगीत प्रस्तुतियों के जरिए कलाकारों ने एक साथ मंच साझा किया। इन प्रस्तुतियों में सामुदायिक एकजुटता, जंगल और प्रकृति के साथ संबंध, पूर्वजों की स्मृतियों, सांस्कृतिक पहचान, प्रतिरोध और परंपराओं के संरक्षण जैसे विषयों को संगीत के माध्यम से सामने रखा गया। इसमें शामिल संगीतकारों के लिए उनके गीत अपने समुदायों की कहानियां सुनाने और उनकी संस्कृति, इतिहास एवं दृष्टिकोण को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का एक माध्यम बने।
टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय ने कहा, “इन चर्चाओं से उभरकर सामने आ रहे विचार इसलिए महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि लोग अपने जीवन, अपने समुदायों और उनके बीच हो रहे बदलावों के बारे में पूरी ईमानदारी से अपनी बात रख रहे हैं। हमें ऐसी कहानियां सुनने को मिल रही हैं, जिनमें पीढ़ियों से आगे बढ़ते आ रहे ज्ञान की झलक है। वहीं, लोग इस बात पर भी सवाल उठा रहे हैं कि क्या बदलना चाहिए और किन चीजों को खोने से बचाना जरूरी है। जब ये सभी आवाजें एक साथ आती हैं, तो हमें यह समझने का अवसर मिलता है कि विरासत कोई स्थिर चीज नहीं है, बल्कि यह ऐसी परंपरा है जिसे लोग आज भी जीते हैं, उस पर सवाल उठाते हैं, नए संदर्भों में समझते हैं और आगे बढ़ाते हैं। इन संवादों की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि ये लोगों को एक-दूसरे को सुनने और मिलकर नई संभावनाएं तलाशने का अवसर देते हैं।”
संवाद के तीसरे दिन विभिन्न समुदायों के सदस्यों, पारंपरिक ज्ञान के जानकारों, शोधकर्ताओं, कलाकारों, फिल्म निर्माताओं और युवाओं ने अपने अनुभव और विचार साझा किए। दिनभर हुई चर्चाओं में एक-दूसरे को सुनने, समझने और सीखने के साथ-साथ विभिन्न समुदायों और पीढ़ियों के बीच ज्ञान एवं कहानियों के आदान-प्रदान के नए अवसर तैयार करने पर जोर रहा।
जमशेदपुर में संवाद 2026 का आयोजन 19 नवंबर तक जारी रहेगा। इसके समापन के दिनों में भी विभिन्न विषयों पर संवाद, सांस्कृतिक अनुभव, समुदाय आधारित गतिविधियां और शाम के समय लगने वाले स्टॉल आकर्षण का केंद्र होंगे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
