
धनबाद। धनबाद के धांगी मोड़ स्थित सरायढेला थाना क्षेत्र के सूर्या हाइलैंड सिटी में बेखौफ चोरों ने भारी दुस्साहस का परिचय देते हुए भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने एक साथ दो-दो बंद डुप्लेक्सों को अपना निशाना बनाकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। एक घर से चोर 15 से 20 लाख रुपये के बेसकीमती जेवरात, नकदी व अन्य कीमती सामान चुराकर रफूचक्कर हो गए, जबकि पड़ोसियों की सजगता के कारण दूसरे डुप्लेक्स में चोरी की एक बड़ी वारदात होने से बच गई।
जानकारी के अनुसार, सूर्या हाइलैंड सिटी स्थित डुप्लेक्स ‘गायत्री-15’ के मकान मालिक गजेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ पिछले 14 दिनों से तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। रविवार की शाम जब वे यात्रा से वापस घर लौटे, तो मुख्य द्वार तो बंद था, लेकिन अंदर प्रवेश करते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदरूनी दरवाजे का कुंडा और ताला कटा हुआ था तथा घर का सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। पीड़ित गजेंद्र सिंह ने तुरंत इसकी सूचना सोसाइटी के लोगों को दी। जब सभी ने मिलकर घर के अंदर का जायजा लिया, तो सभी कमरों की अलमारियां टूटी पड़ी थीं और उनमें रखे बेशकीमती सोने-चांदी के गहने, वस्त्र व अन्य कीमती सामान गायब थे। बदहवास गजेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिक आकलन के अनुसार चोर करीब 15 से 20 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर चुके हैं, हालांकि पूरे सामान का मिलान करने के बाद ही नुकसान का सटीक आंकड़ा सामने आ पाएगा।

पड़ोसियों की सतर्कता से डुप्लेक्स ‘सुरुचि-3’ में चोरी की कोशिश नाकाम…

चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने गजेंद्र सिंह के मकान के ठीक पीछे स्थित डुप्लेक्स ‘सुरुचि-3’ का ताला तोड़कर अंदर घुसने और खिड़की उखाड़ने का प्रयास किया।
यह मकान बैंक ऑफ बड़ौदा में कार्यरत मनोज सिन्हा का है, जो धनबाद से बाहर पदस्थापित होने के कारण घर बंद रखते हैं। हालांकि, खिड़की तोड़े जाने की आहट सुनते ही सतर्क पड़ोसियों ने तुरंत अपने घर की लाइट जला दी।
पकड़े जाने के डर से चोर आनन-फानन में मौका-ए-वारदात से भाग खड़े हुए और एक बड़ा हादसा टल गया। पड़ोसियों ने घटना की सूचना तुरंत मनोज सिन्हा को दे दी है। घटना के बाद पीड़ित गजेंद्र सिंह ने सरायढेला थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और पंचनामा तैयार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पॉश सोसाइटी में हुई इस भीषण वारदात के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी डर और रोष का माहौल है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
