
जमशेदपुर / दुमका । ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (AISMJWA) के तत्वावधान में रविवार को दुमका जिले के काठीकुंड में प्रमंडलीय पत्रकार सम्मेलन का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्ज्वलित कर राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम भाटिया द्वारा किया गया.सम्मेलन में पत्रकारों की सुरक्षा, प्रेस की स्वतंत्रता, उनके अधिकारों तथा पत्रकारिता के दौरान आने वाली चुनौतियों का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा।
इस दौरान झारखंड में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर पत्रकारों ने एकजुट होकर आवाज बुलंद की।
सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश में सच बोलना, लिखना और दिखाना धीरे-धीरे जोखिम भरा होता जा रहा है। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए मीडिया को सुरक्षा और स्वतंत्रता देना बेहद जरूरी है। आज समाज की छोटी-बड़ी कमियों को उजागर करना भी पत्रकारों के लिए खतरे से खाली नहीं है। पत्रकारों को आसानी से झूठे मामलों में फंसाने और जेल भेजने की घटनाएं चिंता का विषय हैं।
श्री भाटिया ने सरकारों से सवाल करते हुए कहा कि आखिर कितने अभिषेक और कितने आंदोलनों के बाद सरकारें जागेंगी? अगला अभिषेक कौन होगा, यह कोई नहीं जानता, लेकिन पत्रकारिता तो सभी को करनी है। उन्होंने कहा कि अभिषेक भारती जैसे मामलों और देश में पत्रकारों की शहादत के बावजूद अब तक पत्रकार सुरक्षा कानून लागू नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने देश में प्रेस की स्वतंत्रता की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में भारत का 157वां स्थान होना गंभीर विषय है। इसके लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कुणाल राजपूत ने कहा कि संगठन हमेशा विकट परिस्थितियों में पत्रकारों के साथ खड़ा रहा है और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ता आ रहा है।
उन्होंने कहा कि अब तक संगठन की बैठकें मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों में आयोजित होती रही हैं, लेकिन पहली बार दुमका के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र काठीकुंड में प्रमंडलीय सम्मेलन आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और प्रखंड स्तर के पत्रकारों को प्रेस की आजादी, उनके अधिकारों तथा संगठन की भूमिका से अवगत कराना है। उन्होंने पत्रकारों से आपसी एकजुटता बनाए रखने और संगठन को मजबूत करने की अपील की।
सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष दशरथ महतो ने भी पत्रकारों की सुरक्षा और एकजुटता पर जोर दिया। इस दौरान पत्रकारों ने पत्रकार एकता जिंदाबाद, पत्रकारों पर अत्याचार बंद करो और पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करो जैसे नारे लगाकर अपनी मांगों को बुलंद किया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है, ताकि वे बिना किसी दबाव और भय के निष्पक्ष पत्रकारिता कर सकें।
इस अवसर पर अधिवक्ता मोहम्मद अंसारी को प्रदेश कानूनी सलाहकार बनाया गया जिसके बाद उन्होंने पत्रकारों की कानूनी मदद निःशुल्क करने की घोषणा की.उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा और कानूनी अधिकारों का विस्तार पूर्वक बखान करते हुए सुरक्षा कानून पर जोर दिया.
कार्यक्रम में उपस्थित दुमका सांसद प्रतिनिधि जॉन सोरेन ने कहा कि वे सांसद से पत्रकार सुरक्षा कानून को संसद के सत्र उठवाने का प्रयास करेंगे. वे बोले हमने भी महसूस किया है कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए.
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष निजामुद्दीन अंसारी, जिला महासचिव शुभंकर नंदन, सचिव दीपू भंडारी, उपाध्यक्ष ललित कुमार एवं प्रवक्ता हाबिल हेम्ब्रम सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे। वहीं कार्यकारिणी सदस्यों में भीम मंडल, मौसम कुमार गुप्ता, मारूफ हसन, उमाशंकर वर्मा, मुन्ना पंडित, अरेस्न हेम्ब्रम, रमेश कुमार,राकेश चंदन (पूर्व संथाल परगना प्रमंडल प्रभारी), सिकंदर शर्मा, गौतम सिंह,गयासुद्दीन अंसारी,झटु पाल,मोहम्मद जलकर अंसारी एवं फैजान अंसारी समेत अन्य पत्रकार शामिल हुए। मौके पर सभी अतिथियों और पत्रकारों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम का मंच संचालन जिला महासचिव शुभंकर नंदन ने किया। सम्मेलन के अंत में पत्रकारों ने संगठन की मजबूती, आपसी एकजुटता और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प लेते हुए झारखंड सरकार से अविलंब पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
