
चाईबासा: मातृ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन समिति ने जिले को “प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान सेवाओं के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला जिला” सम्मान से नवाजा है।
यह सम्मान वर्ष 2026 की प्रथम तिमाही में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व स्वास्थ्य जांच उपलब्ध कराने, मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया है।

इस उपलब्धि पर उपायुक्त मनीष कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान जिले के चिकित्सकों, नर्सिंग कर्मियों, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों, एएनएम, सहिया एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सभी कर्मियों के समर्पण और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार तथा प्रत्येक गर्भवती महिला तक समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं, सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी ने इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय बताते हुए सभी स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान सहित सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के लक्ष्य को और अधिक प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सके।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
