
नोवामुंडी: पश्चिमी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त ने गुरुवार को नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पोखरपी, कोटगढ़ एवं दूधबिला में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं क्रियान्वयन एजेंसियों को सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने विकसित भारत अभियान के तहत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना एवं बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन के अंतर्गत चल रहे कूप निर्माण कार्यों का जायजा लिया। साथ ही ग्रामीण विकास विभाग की अबुआ आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लाभुकों को शीघ्र आवास निर्माण कार्य पूरा करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने पंचायत भवनों में 15वें वित्त आयोग मद से संचालित पंचायत भवन सुदृढ़ीकरण कार्यों, स्वीकृत योजनाओं की प्रगति एवं व्यय की स्थिति की भी समीक्षा की। अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता बनाए रखने तथा कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के क्रम में डीएमएफटी मद से ग्राम पंचायत कोटगढ़ के राजाबांध नाला में निर्माणाधीन स्पेन पुलिया एवं चेकडैम तथा कड़ियाटांगर नदी में निर्माणाधीन चेकडैम का भी भौतिक निरीक्षण किया गया। उप विकास आयुक्त ने संबंधित एजेंसियों और संवेदकों को कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी सविता टोपनो, प्रखंड विकास पदाधिकारी नोवामुंडी पप्पू रजक, ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता, जिला परिषद के अधिकारी, संबंधित विभागों के कनीय अभियंता एवं क्रियान्वयन एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
