
जमशेदपुर । सोनारी स्थित सीएच एरिया के भूतनाथ मंदिर परिसर में स्थापित नारायणी धाम मंदिर के प्रथम वार्षिकोत्सव के अवसर पर नारायणी सेवा ट्रस्ट की ओर से 22 से 24 नवंबर तक तीन दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्री सालासर बालाजी महाराज, श्री राणी सती दादीजी एवं श्री खाटू नरेश श्याम बाबा के सानिध्य में विभिन्न धार्मिक एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के तीनों दिन अखंड ज्योत प्रज्वलन एवं सवामणी सेवा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर इस धार्मिक महोत्सव की शोभा बढ़ाने की अपील की है। यह जानकारी मंगलवार को नारायणी धाम परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने दी। 22 नवंबर, रविवारः- महोत्सव का शुभारंभ शाम 4 बजे सुंदरकांड पाठ एवं संगीतमय हनुमान चालीसा से होगा। यह कार्यक्रम परम श्रद्धेय संतोष भाईजी (नरसिंहबाण दरबार), बर्नपुर के सानिध्य में आयोजित होगा। पाठ वाचन रांची के सुरेश बजाज द्वारा किया जाएगा। 23 नवंबर, सोमवारः- सुबह 8 बजे राजस्थान के सूरजगढ़ निवासी हजारीमल इंदौरिया के सानिध्य में सोनारी राम मंदिर से नारायणी धाम तक भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। वहीं, रात्रि 8 बजे सोनभद्र (गुप्तकाशी) से पधार रहे सुप्रसिद्ध भजन गायक संजीव शर्मा अपनी भजनों की प्रस्तुति से भक्तों को भावविभोर करेंगे। 24 नवंबर, मंगलवारः- दोपहर 3 बजे कोलकाता की सुप्रसिद्ध पाठ वाचिका मीतू अग्रवाल द्वारा श्री राणी सती दादीजी का मंगल पाठ किया जाएगा। इसी दिन देव दीपावली के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य दीप प्रज्वलन का आयोजन भी होगा। संवाददाता सम्मेलन में मुख्य रूप से ट्रस्ट के अध्यक्ष राजकुमार चंदूका, महासचिव राजकुमार संघी, ट्रस्टी सदस्य कैलाश सरायवाला, अनिल नरेड़ी, ललित सरायवाला, राम रतन कांवटिया, अमित अग्रवाल, संदीप मित्तल, चेतन अग्रवाल, अक्षय खेमका, पवन पोद्दार आदि उपस्थित थे।
श्याम प्रभु का जन्मोत्सव 20 नवंबर कोः- सोनारी स्थित नारायणी धाम मंदिर में 20 नवंबर को श्री श्याम प्रभु का जन्मोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में शाम 7.30 बजे से भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुंबई से आमंत्रित सुप्रसिद्ध भजन गायक सुदर्शन कुमार अपनी मधुर एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों से बाबा श्याम का गुणगान करेंगे और उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से परिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित कार्यक्रम में उपस्थित होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा जन्मोत्सव की खुशियों में सहभागी बनने की अपील की है।

There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
