• Wed. Jun 3rd, 2026

Adityapur : मानसून से पहले औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों, नालियों और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग, बिजली विभाग और जियाडा को दिया ज्ञापन, इसरो

Subhasish Kumar's avatar

BySubhasish Kumar

Jun 3, 2026
crescent ad
आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर आधारभूत संरचना एवं बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर बुधवार को इंडस्ट्रियल स्टेबिलिटी रिफॉर्म्स ऑर्गेनाइजेशन(आईएसआरओ) के प्रतिनिधिमंडल ने जियाडा तथा बिजली विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर मानसून पूर्व आवश्यक सुधार कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के अध्यक्ष रूपेश कतरियार ने किया। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में ढाई हजार से अधिक छोटी-बड़ी औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही हैं, जिन्हें जुस्को और झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की जाती है। बावजूद इसके, क्षेत्र की बदहाल सड़कें और क्षतिग्रस्त नालियां हर वर्ष बरसात के दौरान उद्योगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनती हैं।
रूपेश कतरियार ने कहा कि कई स्थानों पर सड़कों एवं नालियों की खराब स्थिति के कारण भूमिगत बिजली केबल क्षतिग्रस्त हो जाते हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होती है। इसका सीधा असर औद्योगिक उत्पादन पर पड़ता है और उद्योगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाली बिजली कटौती और तकनीकी खराबियों से उत्पादन प्रक्रिया प्रभावित होती है, जिससे उद्यमियों की चिंताएं बढ़ जाती हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को आगाह किया कि यदि मानसून से पूर्व सड़क, नाली एवं बिजली ढांचे की मरम्मत नहीं कराई गई तो आगामी दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वित कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया।बैठक के दौरान जियाडा और बिजली विभाग के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मानसून शुरू होने से पहले आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
अधिकारियों ने उद्योगों से जुड़े मुद्दों के समाधान के प्रति सकारात्मक रुख अपनाने की बात कही.औद्योगिक संगठनों का मानना है कि आदित्यपुर राज्य का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है और यहां की आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना औद्योगिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसे में मानसून पूर्व आवश्यक सुधार कार्य पूरे होने से हजारों उद्योगों तथा उनमें कार्यरत श्रमिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *