• Wed. Apr 1st, 2026

गोविन्दपुर में लगातार जाम से जनजीवन अस्त-व्यस्त,भाजपा नेता नंदलाल अग्रवाल के अगुवाई में सांसद से मिलकर कराया गया अवगत

Biru Gupta's avatar

ByBiru Gupta

Dec 2, 2024

 

 

गोविन्दपुर में सुभाष चौक क्रॉसिंग खुलने के कारण पिछले कई दिनों से गोविंदपुर में एनएच 19 पर लग रही जाम से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है।इस बीच इस समस्या को लेकर भाजपा नेता और समाजसेवी नंदलाल अग्रवाल सांसद ढुल्लू महतो से मिले तथा उन्हें अवगत कराया।श्री महतो ने तत्काल सड़क परिवहन मंत्री को पत्र लिखकर एलिवेटेड हाइवे का काम शुरू करने को कहा तथा जिला प्रशासन ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के लिए कहा।

crescent ad

 

इस बीच अस्थायी रूप से ट्रैफिक पुलिस ने काम करना शुरू कर दिया है, लेकिन गोविन्दपुर में स्थायी रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग लोग कर रहे हैं ताकि इस जाम को नियंत्रित किया जा सके।

 

बताया जाता है कि ट्रैफिक पुलिस की यहां स्थायी प्रतिनियुक्ति नहीं हो पायी है. इस कारण जाम हटाने के बाद ट्रैफिक पुलिस धनबाद लौट गयी. इसके बाद फिर से जाम के कारण गोविंदपुर वासी परेशान रहे.

 

आज जाम की समस्या का अवलोकन करेंगे ट्रैफिक डीएसपी

 

जीटी रोड जाम की समस्या को लेकर झारखंड इंडस्ट्रीज और ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष अमितेश सहाय ने ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह से बात की. उन्होंने जाम की समस्या का समाधान करने की अपील की. ट्रैफिक डीएसपी ने आश्वासन दिया कि वह खुद मंगलवार को गोविंदपुर की जाम की समस्या का अवलोकन करेंगे और गोविंदपुर सुभाष चौक पर नियमित ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था की जायेगी. उन्होंने कहा कि गोविंदपुर पुलिस भी इसमें सहयोग करेगी.

 

इधर सिंदरी विंधानसभा के विधायक ने भी स्थायी ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग की है। विधायक चंद्रदेव महतो ने वरीय पुलिस अधीक्षक से गोविंदपुर सुभाष चौक पर स्थायी ट्रैफिक पुलिस की मांग किया है उन्होंने कहा कि रविवार को करीब 4 घंटे तक ट्रैफिक पुलिस तैनात रही, तो वाहनों की आवाजाही सुगम हुई और सड़क जाम नहीं लगा. ट्रैफिक पुलिस के जाने के साथ ही जाम लग गया.

 

*छह से चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान : सीओ*

 

जाम को लेकर गोविंदपुर अंचल अधिकारी धर्मेंद्र कुमार दुबे ने कहा कि गोविंदपुर बाजार इलाके में जीटी रोड का अतिक्रमण कर लिया गया है. इसके कारण भी सड़क जाम लग रहा है. सुभाष चौक और आसपास के इलाके अतिक्रमण से प्रभावित हैं. उन्होंने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी है कि पांच दिसंबर तक अतिक्रमण खुद हटा लें, नहीं तो छह दिसंबर से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया जायेगा. जीटी रोड की जमीन पर दुकान और ठेला लगाने वाले सभी लोगों को हटा दिया जाएगा.

 

*शुरू कर दिया गया है सड़क चौड़ीकरण का काम : परियोजना निदेशक*

 

मामले में परियोजना निदेशक मनीष कुमार ने कहा कि अधूरी पड़ी सड़क चौड़ीकरण का काम रविवार से शुरू कर दिया गया है. इस काम में सोमवार से और तेज गति लायी जायेगी तथा निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर दिया जायेगा. ट्रैफिक लाइट समेत सुरक्षा के सभी उपाय किए जायेंगें।

 

*जाम की वजह से चौपट हो गयी है दुकानदारी*

 

गायडेहरा मस्जिद के पास के दुकानदारों का कहना था कि रफ ड्राइविंग के कारण ही जाम लग रहा था. सभी वाहन वाले अपने लेन से चलें, तो जाम की समस्या नहीं खड़ी होगी. ऊपर बाजार चौक पर जाम लगता है, तो धनबाद रोड से गुजर रहे चारपहिया व दोपहिया वाहन वाले रांग साइड से गुजरने को आमादा हो जाते हैं. इससे महाजाम लग जा रहा है. जाम की वजह से ग्राहक नहीं आ पा रहे हैं और उनकी दुकानदारी मारी जा रही है. तभी जीटी रोड के ऊपर बाजार चौक पर जाम टूटा और वाहनें आगे बढ़ने लगीं. हालांकि 15-20 मिनट के बाद फिर जाम की स्थिति कायम हो गयी.


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *