
धनबाद : जिले में कथित अवैध लॉटरी कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो को सौंपे गए एक आवेदन में आरोप लगाया गया है कि धनबाद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में फर्जी लॉटरी का संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जिसके माध्यम से प्रतिदिन करोड़ों रुपये का कारोबार किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, झारखंड में लॉटरी प्रतिबंधित होने के बावजूद निरसा, गोविंदपुर, बलियापुर, सिंदरी, झरिया, कतरास, भौरा, पाथरडीह और जामाडोबा समेत कई इलाकों में कथित रूप से जाली लॉटरी की बिक्री जारी है। आरोप है कि ये टिकट पश्चिम बंगाल सरकारी लॉटरी की तर्ज पर तैयार किए जाते हैं, लेकिन उनका आधिकारिक लॉटरी प्रणाली से कोई संबंध नहीं होता। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान होने के साथ-साथ गरीब और मध्यमवर्गीय लोगों के आर्थिक शोषण की आशंका भी जताई गई है।

शिकायत में दावा किया गया है कि इस नेटवर्क का संचालन कुछ चुनिंदा लोगों द्वारा किया जा रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में खुलेआम काउंटर लगाकर कारोबार चलाया जा रहा है। साथ ही मैथन और निरसा क्षेत्र में कथित रूप से जाली लॉटरी की छपाई और वितरण होने का भी आरोप लगाया गया है।

मामले पर धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं है। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से साक्ष्य उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि आवश्यक जांच कराई जा सके।
वहीं, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि अवैध लॉटरी का मुद्दा पहले भी विधानसभा में उठाया जा चुका है। उन्होंने सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भोले-भाले लोग लालच में आकर ठगी का शिकार हो रहे हैं। अब लोगों की नजर प्रशासन और सरकार की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
