• Mon. Jun 15th, 2026

सूर्यदेव सिंह की 35वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, दिव्यांगों को मिली स्कूटी, रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

admin's avatar

Byadmin

Jun 15, 2026
crescent ad

 

 

झरिया। धनबाद कोयलांचल के श्रमिक आंदोलन के अग्रणी नेता एवं मजदूरों के मसीहा के रूप में विख्यात झरिया के पूर्व विधायक स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह की 35वीं पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और जनसहभागिता के साथ मनाई गई। झरिया कतरास मोड़ स्थित सिंह मेंशन कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अखंड कीर्तन, श्रद्धांजलि सभा, रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

 

पुण्यतिथि समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मजदूर संगठनों के पदाधिकारियों एवं आम लोगों ने भाग लेकर स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान झरिया विधायक रागिनी सिंह के सौजन्य से नौ दिव्यांगजनों के बीच स्कूटी का वितरण किया गया। स्कूटी वितरण कार्यक्रम में पूर्व विधायक कुंती देवी एवं विधायक रागिनी सिंह ने संयुक्त रूप से लाभुकों को चाबी सौंपकर उनके आत्मनिर्भर जीवन की कामना की।

 

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में पूर्व विधायक कुंती सिंह, झरिया विधायक रागिनी सिंह, धनबाद के मेयर संजीव सिंह, सिद्धार्थ गौतम, किरण सिंह, ज्योति सिंह, मिनी गौतम, शताक्षी सहित सिंह परिवार के सदस्य प्रमुख रूप से शामिल रहे।

 

इस अवसर पर धनबाद के पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह, बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण, गिरिडीह के पूर्व सांसद रविन्द्र नाथ पांडेय, पूर्व मंत्री एवं सारठ के पूर्व विधायक रणधीर सिंह, धनबाद विधायक राज सिन्हा, धनबाद नगर निगम के उपमहापौर अरुण चौहान, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, भाजपा नेत्री तारा देवी, निरसा की पूर्व विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, भारतीय जनता युवा मोर्चा धनबाद महानगर अध्यक्ष नित्यानंद मंडल, समाजसेवी एवं बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय झा सहित अनेक राजनीतिक, सामाजिक एवं श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह के प्रति लोगों का स्नेह और सम्मान आज भी उसी प्रकार बना हुआ है। उन्होंने कहा कि 35 वर्ष बीत जाने के बावजूद धनबाद-झरिया की जनता उन्हें नहीं भूली है। यह उनके जनसेवा, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण का परिणाम है।

 

वहीं धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने कहा कि स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह ने मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को अपना जीवन समर्पित कर दिया था। उनके द्वारा किए गए कार्यों को आज भी लोग श्रद्धा के साथ याद करते हैं। उन्होंने कहा कि चार बार विधायक रहे सूर्यदेव सिंह के प्रति लोगों की आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से लोग हर वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं।

 

धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह ने मजदूरों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा के लिए जो संघर्ष किया, वह कोयलांचल के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उनके जनहित और श्रमिक हित में किए गए कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

 

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह के संघर्षपूर्ण जीवन, श्रमिक हितों के लिए किए गए योगदान और कोयलांचल की राजनीति में उनकी भूमिका को याद करते हुए उन्हें एक युगपुरुष बताया। कार्यक्रम में दिनभर श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लगा रहा तथा सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *