• Sun. Nov 29th, 2026

ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में 83 यूनिट रक्त संग्रह

admin's avatar

Byadmin

Nov 29, 2026

 

जमशेदपुर । ब्रह्माकुमारीज़ के तत्वावधान में यूनिवर्सल पीस पैलेस, मरीन ड्राइव, सोनारी, जमशेदपुर में एक सफल एवं विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर विशेष रूप से थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों की सेवा एवं सहायता के लिए समर्पित रहा। शिविर में ब्रह्मानंद नारायणा मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, बिष्टुपुर के सहयोग से रक्त संग्रह किया गया, जिसमें कुल 83 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री ज्वेलर्स के ऑनर एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के साथ ब्रह्माकुमारीज़ जमशेदपुर कोल्हान प्रभारी राजयोगिनी बी.के. अंजू दीदी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही मानवता की सेवा एवं जीवन बचाने के इस पुनीत अभियान का विधिवत शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत आध्यात्मिक ज्ञान से की गई। उपस्थित सभी लोगों को जीवन में श्रेष्ठ कर्मों एवं पुण्य की महत्ता समझाई गई। बताया गया कि संसार में सबसे बड़ा स्थान हमारे कर्म और पुण्य का है। यदि हम अपने कर्मों और विचारों को श्रेष्ठ बना लें, तो हमारे पुण्य का खाता निरंतर बढ़ता जाता है। पुण्य जीवन की अमूल्य पूंजी है, जिसके बल से विपरीत परिस्थितियां भी हमारे अनुकूल बन सकती हैं। निस्वार्थ सेवा और परोपकार ही सच्चे मानवीय जीवन की पहचान है।

आध्यात्मिक ज्ञान के पश्चात सभी ने राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास किया और मन को शांति एवं सकारात्मकता से भरने का अनुभव किया। इसके बाद सभी ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया और मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ जमशेदपुर कोल्हान प्रभारी राजयोगिनी बी.के. अंजू दीदी ने कहा कि “रक्तदान करने से हम पुण्य के अधिकारी बनते हैं। यह केवल किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। रक्तदान से समाज को बहुत बड़ा लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि हमें जीवन में देने की भावना रखनी चाहिए, क्योंकि जब हम दूसरों की मदद करेंगे, तभी आवश्यकता पड़ने पर हमें भी समय पर सहायता मिल सकेगी।” उन्होंने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं के सम्मान में उन्हें प्रेमपूर्वक ब्रह्मा भोजन कराया गया। साथ ही, उनके प्रोत्साहन एवं सम्मान स्वरूप उपहार के रूप में हेलमेट प्रदान किया गया, जिससे रक्तदान के साथ-साथ सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया जा सके।

ब्रह्मानंद नारायणा मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के समन्वयक एवं प्रतिनिधि ने ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा की गई इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की। उन्होंने नियमित रूप से ऐसे जनकल्याणकारी रक्तदान शिविरों के आयोजन के लिए ब्रह्माकुमारीज़ का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यों में सहयोग जारी रखने की भावना व्यक्त की।

कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारीज़ की ओर से सभी रक्तदाताओं, श्री ज्वेलर्स के ऑनर एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों, अस्पताल की मेडिकल टीम, स्वयंसेवकों तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी महानुभावों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *