• Sun. Nov 29th, 2026

परिसीमन बिल के जरिए झारखंड के साथ अन्याय करने की कोशिश कर रही है भाजपा सरकार : केशव महतो कमलेश

admin's avatar

Byadmin

Nov 29, 2026

 

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में परिसीमन बिल एवं केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि भाजपा सरकार परिसीमन बिल लाकर झारखंड सहित पूरे देश में भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है। इस बिल के माध्यम से झारखंड को विधानसभा सीटों में जो वास्तविक लाभ मिलना चाहिए, उससे राज्य को वंचित करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में झारखंड में अनुसूचित जनजाति के लिए कुल 28 सीटें आरक्षित हैं। भाजपा के प्रस्ताव के अनुसार इनकी संख्या बढ़ाकर 32 किए जाने की बात कही जा रही है, जबकि झारखंड की जनसंख्या, आदिवासी आबादी और सामाजिक संरचना को देखते हुए आरक्षित सीटों की संख्या कम से कम 42 होनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी इस संशोधन का पुरजोर विरोध करती है। झारखंड के आदिवासी एवं अनुसूचित जाति वर्ग को उनका संवैधानिक और राजनीतिक अधिकार मिलना चाहिए। श्री महतो ने कहा कि लोकसभा की वर्तमान 543 सीटों के आधार पर वर्ष 2011 की जनगणना के अनुरूप सभी सीटों पर महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। वर्ष 2027 में प्रस्तावित जनगणना के बाद ओबीसी आरक्षण को भी सुनिश्चित करते हुए परिसीमन की प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए। महिला आरक्षण, ओबीसी आरक्षण और नई जनगणना को आधार बनाकर परिसीमन बिल लाना ही देशहित में उचित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर में भी भाजपा ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के अनुरूप विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं में फेरबदल किया था। इसी तरह परिसीमन के नाम पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने मतदाता सूची के मुद्दे पर कहा कि झारखंड में लगभग 43 लाख एसडीडी मतदाताओं के नाम काटे जाने की तैयारी की जा रही थी। कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत मजबूती से विरोध दर्ज कराया। इसके परिणामस्वरूप चुनाव आयोग को पुनर्विचार करना पड़ा और मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ी। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि परिसीमन से संबंधित संविधान के अनुच्छेद 332 के प्रावधानों में संशोधन करते हुए झारखंड को विधानसभा सीटों के निर्धारण में उचित स्थान देना होगा। राज्य के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि झारखंड के अधिकारों की अनदेखी की गई तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से इसका जोरदार विरोध करेगी।

वहीं, पूर्व मंत्री, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने भी परिसीमन बिल का कड़ा प्रतिवाद करते हुए कहा कि झारखंड के आदिवासी, मूलवासी और वंचित वर्गों के राजनीतिक अधिकारों की रक्षा सर्वोपरि है। परिसीमन की प्रक्रिया न्यायसंगत, पारदर्शी और जनसंख्या के वास्तविक आंकड़ों पर आधारित होनी चाहिए।

इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सह लोकसभा प्रभारी सतीश पाल मुंजनी, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, आनन्द बिहारी दुबे, प्रदेश महासचिव अजय सिंह, बिजय यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद, पूर्व जिला अध्यक्ष नट्टू झा, प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी, प्रताप यादव, सूरजकांत शुक्ला, सुनीत शर्मा, ब्रजेन्द्र तिवारी, संजय सिंह आजाद, रियाजुद्दीन खान, आशुतोष सिंह, मनोज झा, संजय तिवारी, राजा सिंह राजपूत, फिरोज खान, नलिनी सिन्हा, नवनीत मिश्रा, कौशल प्रधान, रंजीत सिंह, रंजीत झा, अरूण सिंह, गुरदीप सिंह, जी एम रजा सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *