• Thu. Jul 23rd, 2026

नवीनगर थाना में बालक-बालिका जागरूकता अभियान, बच्चों को सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी

admin's avatar

Byadmin

Jul 23, 2026
crescent ad

 

 

नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

 

नवीनगर (औरंगाबाद)। बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने, सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के उद्देश्य से नवीनगर थाना परिसर में बालक-बालिका जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में आसपास के विभिन्न विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों को गुड टच और बैड टच, साइबर सुरक्षा, बाल विवाह की रोकथाम, नशे के दुष्प्रभाव तथा यातायात नियमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़ या साइबर अपराध का सामना होने पर घबराने की बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें।

बच्चों को संबोधित करते हुए एसआई श्याम बाबू कुमार ने कहा कि “पुलिस आपकी मित्र है। किसी भी तरह की समस्या, छेड़छाड़ या साइबर ठगी की घटना होने पर बिना डर के तुरंत डायल 112 या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।” उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं को आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के बुनियादी उपाय बताए और कहा कि शिक्षा के साथ-साथ अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना भी बेहद आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ सवाल-जवाब का सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी देकर बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में इन सेवाओं का उपयोग किया जा सकता है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में इस प्रकार के जागरूकता अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि बच्चे सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें। इस अवसर पर एसआई राजू कुमार, एसआई कस्तूरी कुमारी, एएसआई महादेव विद्यार्थी,प्रोफेसर सुनील बोस, उमेश सिंह सहित विद्यालयों के शिक्षक,अभिभावक एवं नवीनगर थाना के अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *