
नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
नवीनगर (औरंगाबाद)। नवीनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित बहुद्देशीय सभागार भवन में शनिवार को विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में निवर्तमान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अरुण सिंह को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नवपदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी ओमकार वैभव सिंह का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर वर्तमान बीडीओ ओमकार वैभव सिंह, निवर्तमान बीडीओ अरुण सिंह, प्रखंड प्रमुख चित्रा कुमारी, उपप्रमुख लव सिंह, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्रीराम मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक राजेश कुमार सिंह ने किया।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों का स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन उनके कार्य और व्यवहार लोगों के बीच लंबे समय तक याद किए जाते हैं। उन्होंने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रखंड कर्मियों ने निवर्तमान बीडीओ अरुण सिंह को माला पहनाकर, अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके सहज व्यवहार और कार्यशैली की भी सराहना की गई। वहीं नवपदस्थापित बीडीओ ओमकार वैभव सिंह का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें अंगवस्त्र, माला और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया तथा नवीनगर के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा दिलाया।
अपने संबोधन में ओमकार वैभव सिंह ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर निवर्तमान बीडीओ अरुण सिंह ने नवीनगर में मिले सहयोग के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि नवीनगर में बिताया गया समय उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा और यहां के लोगों का स्नेह वे कभी नहीं भूल पाएंगे। समारोह में प्रोफेसर सुनील बोस, संतन सिंह, धनंजय कुमार सिंह, संजीव कुमार सिंह, मनीष कुमार सिंह उर्फ चुन्नू सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रखंड कर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता, सम्मान और शुभकामनाओं से सराबोर रहा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
