
नगर निगम की पाँचवीं बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित, पेयजल-सड़क-नाली और स्वच्छता पर रहेगा विशेष फोकस
धनबाद। “धनबाद का समग्र विकास और हर नागरिक को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास योजनाओं का लाभ शहर के प्रत्येक वार्ड तक पहुंचे, इसके लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है।” यह बात धनबाद के महापौर संजीव सिंह ने शनिवार को बाबूडीह स्थित नगर निगम विवाह भवन में आयोजित धनबाद नगर निगम की पाँचवीं बोर्ड बैठक के दौरान कही।

बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा हुई। पेयजल, सड़क, नाली, स्वच्छता सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं से संबंधित करीब 200 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को सभी वार्ड पार्षदों की सहमति से स्वीकृति प्रदान की गई। योजनाओं को मंजूरी मिलने के बाद शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

महापौर संजीव सिंह ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल योजनाओं को स्वीकृति देना नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना है। उन्होंने कहा कि धनबाद तेजी से विकसित हो रहा शहर है और बढ़ती आबादी के अनुरूप नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना आवश्यक है। पेयजल संकट, जर्जर सड़कें, जलनिकासी, नाली और स्वच्छता जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बोर्ड बैठक में सभी पार्षदों की सहमति से विकास योजनाओं को मंजूरी मिलना धनबाद के विकास के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता का परिचायक है। नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार की जा रही हैं, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
बैठक के दौरान वार्ड पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं को प्रमुखता से रखा। अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर डिप्टी मेयर अरुण चौहान, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, सभी वार्ड पार्षद, स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य तथा नगर निगम के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
