
झरिया : झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग चार नंबर टैक्सी स्टैंड स्थित पुलिस चेक पोस्ट के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ। अनियंत्रित और तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रैक्टर ने पैदल जा रहे एक बुजुर्ग राहगीर को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तीव्र थी कि राहगीर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए लहूलुहान अवस्था में राहगीर को उठाया और पास के ही एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के लिए भर्ती कराया, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना के तुरंत बाद मची अफरा-तफरी और भीड़ का फायदा उठाकर ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से भागने में सफल रहा।

स्थानीय लोगों ने अविलंब इस घटना की सूचना झरिया थाना को दी। सूचना मिलते ही झरिया थाना की गश्ती दल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर थाना परिसर भेज दिया है और फरार चालक की तलाश व मामले की आगे की छानबीन में जुट गई है।

नियमों की उड़ रही धज्जियाँ, नो-एंट्री में भी बेधड़क दौड़ रहे भारी वाहन….
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों का कहना है कि झरिया का यह मुख्य मार्ग होने के कारण यहाँ दिन-रात काफी चहल-पहल और भारी भीड़-भाड़ रहती है। इसके बावजूद यहाँ यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। न तो वाहन चालक नो-एंट्री के समय का पालन करते हैं और न ही गति सीमा व ट्रैफिक नियमों का कोई खौफ चालकों में दिखता है। बिना किसी डर के दौड़ते भारी और अनियंत्रित वाहन आए दिन पैदल चलने वालों और स्थानीय राहगीरों के लिए काल साबित हो रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने की ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग….
सड़क पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं से आक्रोशित नागरिकों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की है। स्थानीय लोगों का स्पष्ट कहना है कि मुख्य मार्ग और चेक पोस्ट के समीप ट्रैफिक पुलिस की स्थाई तैनाती न होने के कारण वाहन चालकों का मनोबल बढ़ा हुआ है। क्षेत्रीय निवासियों ने जिला प्रशासन व यातायात विभाग से पुरजोर मांग की है कि झरिया मुख्य मार्ग पर कम से कम दो से तीन ट्रैफिक पुलिस के जवानों की स्थाई प्रतिनियुक्ति की जाए, ताकि ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन हो सके और आए दिन हो रहे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
