
चाईबासा, 19 जुलाई 2026: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 पश्चिमी सिंहभूम जिले में जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराई जा रही है। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय नजर आया।
रविवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार के साथ पीएम श्री प्लस टू राजकीय कन्या उच्च विद्यालय तथा सेंट जेवियर्स उच्च विद्यालय, चाईबासा पहुंचकर परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन, बायोमैट्रिक उपस्थिति, प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच, परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, अनुशासन एवं निगरानी व्यवस्था सहित अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही केंद्र अधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त स्टेटिक दंडाधिकारियों से परीक्षा संचालन की तैयारियों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं का निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए परीक्षा समाप्ति तक पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
वहीं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं सुरक्षा बलों को लगातार सतर्क रहने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पवित्रता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जिला प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन की सतत निगरानी के बीच जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक जारी है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
