
सरायकेला : आज जिला दंडाधिकारी -सह- उपायुक्त श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में आधार पंजीकरण एवं अद्यतन की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में छूटे हुए लाभुकों के आधार पंजीकरण एवं अद्यतन हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों का आधार नामांकन एवं सुधार कार्य सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत बच्चों के आधार पंजीकरण/अद्यतन हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी विभागों में अद्यतन (अपडेटेड) L1 डिवाइस की स्थापना सुनिश्चित करते हुए बायोमेट्रिक हाजिरी को प्रभावी रूप से लागू किया जाए।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि वर्तमान में जिले के 16 बैंकों में आधार पंजीकरण का कार्य संचालित है। उपायुक्त ने आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक बैंक शाखाओं में आधार नामांकन की सुविधा प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने निर्देशित किया कि जिन आंगनवाड़ी केंद्रों में आधार किट उपलब्ध है, वहां आधार पंजीकरण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त 18 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के लंबित आधार पंजीकरण मामलों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन करने तथा संबंधित पदाधिकारियों द्वारा अपने स्तर से सत्यापन उपरांत निष्पादन की सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आधार से संबंधित कार्यों में प्रगति लाते हुए आम नागरिकों को सुगम एवं सुलभ सेवा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), क्षेत्रीय कार्यालय यूआईडी, रांची के प्रतिनिधि, डीपीओ (यूआईडी) सरायकेला, सीएससी मैनेजर तथा अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
