
नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
औरंगाबाद जिले के नवीनगर स्थित सोखा बाबा मंदिर में आर्द्रा नक्षत्र के अवसर पर सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में महिला, पुरुष एवं बच्चों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते दिखे। मंदिर परिसर “जय सोखा बाबा” के जयकारों से गूंजता रहा।

आर्द्रा नक्षत्र को लेकर यहां विशेष धार्मिक मान्यता है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस नक्षत्र में सोखा बाबा के दर्शन और पूजन से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा विषैले जीव-जंतुओं के प्रकोप से मुक्ति मिलती है। मान्यता यह भी है कि यदि किसी व्यक्ति को सांप या बिच्छू जैसे विषैले जीव काट लें और उसे जीवित अवस्था में मंदिर लाकर बाबा का जयकारा करते हुए पूजा कराई जाए, तो उसे राहत मिलती है।

श्रद्धालु मंदिर परिसर की मिट्टी भी अपने घर ले जाते हैं। लोगों का विश्वास है कि इस मिट्टी के छिड़काव से घर में विषैले जीव-जंतु प्रवेश नहीं करते। मंदिर में आर्द्रा नक्षत्र के दौरान लगने वाला मेला भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। नवीनगर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों के अलावा झारखंड एवं उत्तर प्रदेश से भी श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। पूजा को लेकर मंदिर परिसर में दिनभर चहल-पहल बनी रही। कई श्रद्धालु परिवार सहित बाबा के दरबार में माथा टेकने पहुंचे।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय समिति के सदस्य एवं स्वयंसेवक व्यवस्था संभालते नजर आए। मंदिर के आसपास मेले जैसी स्थिति बनी रही, जहां पूजा सामग्री, खिलौने एवं खान-पान की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखी गई। श्रद्धालुओं ने बताया कि सोखा बाबा मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और हर वर्ष आर्द्रा नक्षत्र में यहां हजारों भक्त दर्शन करने पहुंचते हैं।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
