
धनबाद में आधार नामांकन एवं अपडेट केंद्र बढ़ाने की मांग, महापौर ने उपायुक्त को लिखा पत्र; कहा- जनहित में जल्द हो ठोस कार्रवाई
धनबाद: धनबाद के महापौर संजीव सिंह ने जिले में आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्रों की अपर्याप्त संख्या को गंभीर जनसमस्या बताते हुए उपायुक्त को पत्र लिखकर आधार केंद्रों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और आधार सेवाओं की लगातार बढ़ रही जरूरत के बावजूद जिले में उपलब्ध आधार केंद्रों की संख्या पर्याप्त नहीं है, जिसके कारण प्रतिदिन हजारों लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

महापौर ने अपने पत्र में कहा है कि आधार कार्ड आज केवल एक पहचान पत्र नहीं, बल्कि लगभग हर सरकारी और वित्तीय सेवा का आधार बन चुका है। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से लेकर बैंकिंग सेवाएं, छात्रवृत्ति, पेंशन, राशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, मोबाइल सिम, शिक्षा और अन्य कई आवश्यक कार्य आधार से जुड़े हुए हैं। ऐसे में यदि लोगों को आधार नामांकन या अद्यतन के लिए घंटों कतार में खड़ा रहना पड़े, तो यह व्यवस्था की गंभीर कमी को दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में सीमित संख्या में संचालित आधार केंद्रों पर अत्यधिक भीड़ रहती है। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आधार बनवाने, मोबाइल नंबर अपडेट कराने, बायोमेट्रिक संशोधन एवं अन्य सेवाओं के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई बार तकनीकी कारणों अथवा भीड़ अधिक होने के कारण लोगों का काम नहीं हो पाता और उन्हें बार-बार केंद्रों का चक्कर लगाना पड़ता है।
महापौर ने कहा कि धनबाद नगर निगम क्षेत्र के साथ-साथ जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी आधार सेवाओं की उपलब्धता बेहद सीमित है। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है और समय पर जरूरी सेवाएं नहीं मिल पाने से लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
महापौर संजीव सिंह ने कहा, “आधार आज प्रत्येक नागरिक के जीवन से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है। इसके बिना आम लोगों के अनेक जरूरी कार्य प्रभावित हो जाते हैं। लेकिन धनबाद में आधार केंद्रों की कमी के कारण लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है और कई बार बिना काम हुए वापस लौटना पड़ता है। यह स्थिति बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारी प्राथमिकता है कि आम जनता को सरकारी सेवाएं सरल, सुलभ और समयबद्ध तरीके से मिलें। इसी उद्देश्य से मैंने उपायुक्त महोदय से आग्रह किया है कि धनबाद नगर निगम क्षेत्र सहित जिले के सभी प्रमुख प्रखंडों में आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए तथा जहां आवश्यकता हो वहां नए केंद्र खोले जाएं। इससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।”
महापौर ने कहा कि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) भी देशभर में आधार सेवाओं के विस्तार और नागरिकों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रहा है। ऐसे में धनबाद जैसे बड़े और घनी आबादी वाले जिले में आधार केंद्रों की संख्या बढ़ाना समय की मांग है।
उन्होंने उपायुक्त से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि जिले के नागरिकों को आधार संबंधी सभी सेवाएं सहज, सुलभ एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध हो सकें।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
