
धनबाद/झरिया: झरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक रागिनी सिंह ने क्षेत्र की वर्षों पुरानी जनसमस्याओं, यात्री सुविधाओं और रेलवे से जुड़े विकास कार्यों को लेकर धनबाद मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से विस्तृत मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झरिया एवं धनबाद रेलवे क्षेत्र की आधारभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा और जनहित में त्वरित कार्रवाई की मांग की।
विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया विधानसभा क्षेत्र की बड़ी आबादी प्रतिदिन रेलवे सेवाओं और उससे जुड़े मार्गों पर निर्भर है, लेकिन लंबे समय से कई बुनियादी समस्याएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। उन्होंने डीआरएम के समक्ष सिर्फ समस्याएं ही नहीं रखीं, बल्कि उनके व्यावहारिक और जनहितकारी समाधान भी सुझाए।

झरिया 4 नंबर बस स्टैंड को रेलवे परिसर में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव

विधायक ने पुराने झरिया-धनुआडीह रेलवे स्टेशन परिसर में एक सुव्यवस्थित बस स्टैंड विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में झरिया 4 नंबर बस स्टैंड के आसपास अत्यधिक भीड़, अव्यवस्थित यातायात और लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे यात्रियों, दुकानदारों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यदि बस स्टैंड को पुराने रेलवे स्टेशन परिसर में विकसित किया जाता है तो न केवल जाम की समस्या में कमी आएगी, बल्कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, रेलवे की खाली पड़ी भूमि का जनहित में उपयोग होगा तथा पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित बन सकेगी।
धनबाद स्टेशन के दक्षिणी छोर के विकास पर दिया विशेष जोर
रागिनी सिंह ने धनबाद रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, अंडरपास में स्ट्रीट लाइट लगाने, दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती एवं यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या-8 पर लिफ्ट के नियमित संचालन तथा प्लेटफॉर्म संख्या-1 से 8 तक फुटओवर ब्रिज के विस्तार की आवश्यकता पर भी जोर देते हुए कहा कि इससे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को काफी राहत मिलेगी।
भाटडीह और जोड़ाफाटक क्षेत्र की समस्याओं को भी रखा प्रमुखता से
विधायक ने जोड़ाफाटक से स्टेशन के दक्षिणी छोर तक सड़क निर्माण, भाटडीह क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए रेलवे आरओबी के नीचे 11 केवी केबल ले जाने की अनुमति तथा जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए नाली निर्माण की मांग की।
इसके अलावा उन्होंने भाटडीह अंडरपास परियोजना का मुद्दा भी मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शिलान्यास के बावजूद कार्य शुरू नहीं होना क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से इस परियोजना को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की।
जनता की आवाज को रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास
विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाना और उनका समाधान कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि झरिया की जनता लंबे समय से इन मूलभूत समस्याओं के समाधान की प्रतीक्षा कर रही है और रेलवे प्रशासन को जनहित में सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
मुलाकात के दौरान डीआरएम ने विधायक को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों एवं प्रस्तावों की विभागीय स्तर पर समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा जनहित से जुड़े मामलों के समाधान के लिए गंभीरता से पहल की जाएगी।
इस अवसर पर अखिलेश सिंह, उमेश यादव, अभिषेक पांडेय, संतोष शर्मा, अवधेश राय सहित अन्य गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
