
*चाईबासा* जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने रविवार को मंडल कारा, चाईबासा में प्रोजेक्ट परिवर्तन के अंतर्गत आयोजित औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती संबंधी 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले बंदियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
आरसेटी (RSETI) के माध्यम से 2 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण में बंदियों को औषधीय एवं सुगंधित पौधों की वैज्ञानिक खेती, उत्पादन, संरक्षण, विपणन तथा स्वरोजगार से जुड़े तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य बंदियों को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि प्रोजेक्ट परिवर्तन बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि कारा से बाहर आने के बाद प्रशिक्षित बंदी अपने अर्जित कौशल का उपयोग कर सम्मानजनक आजीविका प्राप्त कर सकते हैं और समाज में अपनी नई पहचान बना सकते हैं।

उपायुक्त ने बंदियों से कहा, “आप अपनी पहचान हथकड़ी से नहीं, बल्कि अपने हुनर और कौशल से बनाएं। यह प्रशिक्षण आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर है।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों को सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने तथा कौशल आधारित रोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान उपायुक्त ने घोषणा की कि मंडल कारा में बंदियों को प्रतिदिन समाचार पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे समसामयिक घटनाओं और विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त कर अपने ज्ञान एवं जागरूकता का विस्तार कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही मंडल कारा के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान किए जाने पर उन्हें भी उपायुक्त द्वारा प्रशस्ति प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बंदियों के पुनर्वास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
