
बहरागोड़ा: बहरागोड़ा के ओवरब्रिज एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-18 और राष्ट्रीय राजमार्ग-49 के संगम स्थल बहरागोड़ा में लगाये गये स्ट्रीट लाइट सिस्टम के ठप होने से रात्रि यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बहरागोड़ा ओवरब्रिज और उसके आसपास के मुख्य मार्गों पर लगी अधिकांश स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे शाम ढलते ही पूरे इलाके में घुप अंधेरा पसर जाता है।
दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा

एनएच-18 और एनएच-49 बेहद व्यस्त मार्ग हैं, जहां से होकर प्रतिदिन उड़िसा,पश्चिम बंगाल के और हजारों छोटे-बड़े मालवाहक और यात्री वाहन गुजरते हैं। ओवरब्रिज पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण तेज रफ्तार वाहनों के बीच दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। स्थानीय चालकों का कहना है कि अंधेरे के कारण सड़क के मोड़, गड्ढे और पैदल चलने वाले यात्री स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं।

रात्रि यात्रियों में असुरक्षा का माहौल
बहरागोड़ा मुख्य चौक और ओवरब्रिज के नीचे से रात के समय बस पकड़ने या अपने गंतव्य तक जाने वाले यात्रियों में भय का माहौल रहता है। अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों के सक्रिय होने और छिनतई जैसी घटनाओं का डर भी लोगों को सता रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए रात के समय इस मार्ग से गुजरना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है।
जिला प्रशासन और एनएचएआई से मरम्मत की मांग
स्थानीय ग्रामीणों, दुकानदारों और वाहन चालकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और स्थानीय प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि लाखों रुपये की लागत से लगाई गई स्ट्रीट लाइटें देखरेख के अभाव में शोभा की वस्तु बनकर रह गई हैं। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों की अविलंब मरम्मत कराई जाए, ताकि रात के समय आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
