• Thu. Jun 25th, 2026

पीएम स्वनिधि योजना के 6 वर्ष पूर्ण होने पर नगर पंचायत टाउन हॉल में लोक कल्याण मेले का आयोजन

admin's avatar

Byadmin

Jun 25, 2026
crescent ad

 

 

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर पंचायत सरायकेला द्वारा नगर पंचायत टाउन हॉल में लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी ने स्ट्रीट वेंडरों, महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) एवं उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया।

 

अपने संबोधन में श्री चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत सरायकेला ने पिछले छह वर्षों में प्राप्त लगभग 300 आवेदनों में से 275 पात्र स्ट्रीट वेंडरों को पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल ऋण देने की योजना नहीं, बल्कि छोटे व्यवसायियों को सम्मान, आत्मविश्वास और आर्थिक मजबूती प्रदान करने का एक प्रभावी माध्यम है।

 

उन्होंने लाभुकों से समय पर ऋण चुकाने, डिजिटल भुगतान अपनाने तथा अपने व्यवसाय का विस्तार करने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में अधिक ऋण एवं अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त किया जा सके।

 

महिला स्वयं सहायता समूहों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत पात्र महिलाओं को ₹2,500 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर नगर की महिलाओं से विकास, स्वच्छता, रोजगार एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े नए-नए सुझाव आमंत्रित किए जाते हैं। महिलाओं द्वारा दिए गए 10 सर्वश्रेष्ठ प्रस्तावों को राज्य सरकार के सहयोग से नगर क्षेत्र में लागू करने का प्रयास किया जाएगा तथा चयनित 10 महिलाओं को नगर पंचायत द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार स्थानीय उत्पादों, आम, वनोपज, हस्तशिल्प एवं पारंपरिक उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों एवं छोटे उद्यमियों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। आत्मनिर्भर झारखंड का सपना तभी साकार होगा जब स्थानीय उत्पादों को पहचान और बाजार दोनों मिलेंगे।

 

उन्होंने सभी स्ट्रीट वेंडरों से स्वच्छता बनाए रखने, निर्धारित स्थानों पर व्यवसाय करने तथा नगर पंचायत के साथ मिलकर स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित सरायकेला के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

 

कार्यक्रम को नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी श्री विपुल सन्नी एवं उपाध्यक्ष श्री अविनाश कवि ने भी संबोधित किया तथा स्ट्रीट वेंडरों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम का सफल संचालन नगर मिशन प्रबंधक श्री मणि मुकुट सोरेन ने किया।

 

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर, महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्याएं, नगर पंचायत के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *