• Sat. Aug 22nd, 2026

बोकारो थर्मल ROB पर हादसों को रोकने के लिए DVC द्वारा प्रयास जारी 

admin's avatar

Byadmin

Aug 22, 2026
crescent ad

 

बेरमो/बोकारो थर्मल-

 

बोकारो थर्मल रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर डीवीसी प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल शुरू कर दी है। दुर्घटनाओं में कमी लाने और आरओबी के नीचे व आसपास स्थित दुकानों तथा राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ओवरब्रिज पर क्रैश बैरियर लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

 

इस संबंध में डीवीसी बोकारो थर्मल के मुख्य अभियंता सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया ने बताया कि आरओबी पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ओवरब्रिज के नीचे और आसपास बड़ी संख्या में दुकानें हैं, ऐसे में दुकानदारों और राहगीरों की सुरक्षा प्रबंधन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्रैश बैरियर का निर्माण इसी सुरक्षा उद्देश्य से कराया जा रहा है, ताकि तेज रफ्तार या अनियंत्रित वाहन सीधे दुकानों की ओर न जा सकें।

 

परियोजना प्रधान ने स्पष्ट किया कि क्रैश बैरियर लगाने का उद्देश्य किसी प्रकार का पार्टीशन करना नहीं है और न ही दुकानों के आवागमन को बाधित किया जाएगा। दुकानदारों के लिए आने-जाने का पर्याप्त रास्ता उपलब्ध रहेगा। उन्होंने लोगों से इस संबंध में फैल रही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

 

उन्होंने बताया कि आरओबी पर पूर्व में बनाया गया चबूतरा भी सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था, ताकि कोई वाहन अनियंत्रित होने की स्थिति में उससे टकराकर रुक सके और बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके। अब क्रैश बैरियर लगने से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

 

 

 

डीवीसी की ओर से आरओबी पर सुरक्षा संबंधी साइन बोर्ड लगाने की भी योजना बनाई गई है। इन साइन बोर्ड के माध्यम से वाहन चालकों को आगे की सड़क परिस्थितियों और निर्धारित सावधानियों के प्रति पहले से सतर्क किया जाएगा।

 

परियोजना प्रधान ने बताया कि कथारा की ओर से डीवीसी अस्पताल की तरफ जाने वाले मार्ग पर भी स्पीड ब्रेकर लगाने की योजना है। इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार अधिक रहने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्पीड ब्रेकर लगने से वाहनों की गति नियंत्रित होगी और हादसों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

 

डीवीसी प्रबंधन की इस पहल का स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि आरओबी पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और राहगीरों व दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *