• Wed. Jul 15th, 2026

बकरीद को लेकर नवीनगर थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

admin's avatar

Byadmin

May 24, 2026
crescent ad

 

नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना परिसर में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा विभिन्न समुदायों के प्रबुद्ध लोगों ने भाग लिया और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण सिंह, अंचलाधिकारी निकहत प्रवीण एवं नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी किशोर भारती मुख्य रूप से उपस्थित रहे। वहीं बैठक का संचालन नवीनगर थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का पर्व है।

उन्होंने लोगों से शांति एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई समस्या उत्पन्न होती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण सिंह ने कहा कि प्रशासन पर्व को लेकर पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है।त्योहार के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई एवं अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के सहयोग से ही शांतिपूर्ण माहौल कायम रखा जा सकता है।

अंचलाधिकारी निकहत प्रवीण ने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पर्व के दौरान सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। वहीं नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी किशोर भारती ने कहा कि बकरीद को लेकर नगर पंचायत क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा तथा आवश्यक स्थानों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि बकरीद का पर्व पूरी शांति एवं भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि कुर्बानी केवल चिन्हित स्थलों पर ही की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष ने बताया कि पर्व को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *