• Mon. May 25th, 2026

शराब आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, तीन गिरफ्तार

admin's avatar

Byadmin

May 25, 2026
crescent ad

 

 

नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

 

औरंगाबाद जिले के नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-12 भवानो खाप में शराब मामले के आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर हमला और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, विगत रात्रि नवीनगर थाना पुलिस की एक टीम शराब मामले के एक आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर भवानो खाप गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी पक्ष के लोगों ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए अचानक हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिसमें कई जवानों को चोटें आईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भवानो खाप निवासी विजय पासवान, निरंजन पासवान एवं पप्पू पासवान के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को थाना लाकर पूछताछ की तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में औरंगाबाद जेल भेज दिया। वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

इस संबंध में नवीनगर थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करना गंभीर अपराध है। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *