• Fri. Aug 21st, 2026

ट्यूब लीकेज के कारण डीवीसी बोकारो थर्मल की 500 मेगावाट यूनिट बंद

admin's avatar

Byadmin

Aug 21, 2026
crescent ad

 

बेरमो/बोकारो थर्मल-

 

डीवीसी के बोकारो थर्मल पावर प्लांट की 500 मेगावाट क्षमता वाली मुख्य यूनिट शुक्रवार को ट्यूब लीकेज के कारण बंद कर दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर दोपहर करीब 2 बजे यूनिट को पूरी तरह शटडाउन किया गया। यूनिट के बंद रहने से अगले दो दिनों तक बिजली उत्पादन प्रभावित होने की संभावना है।

 

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक प्लांट की उक्त यूनिट से करीब 364 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा था। दोपहर करीब 1:45 बजे उत्पादन घटकर 300 मेगावाट पर पहुंच गया। इसी दौरान ट्यूब लीकेज की जानकारी सामने आने के बाद एहतियातन दोपहर 2 बजे यूनिट को बंद कर दिया गया।

 

24 घंटे बाद शुरू होगा मेंटेनेंस कार्य

 

मामले में डीवीसी बोकारो थर्मल के मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया ने बताया कि यूनिट को पूरी तरह ठंडा होने में करीब 24 घंटे का समय लगता है। यूनिट के पर्याप्त रूप से ठंडा होने के बाद ही लीकेज की मरम्मत और आवश्यक मेंटेनेंस का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि सब कुछ सामान्य रहा तो सोमवार शाम तक यूनिट को लाइटअप कर पुनः बिजली उत्पादन शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।

 

अन्य राज्यों की बिजली आपूर्ति पर भी असर की संभावना

 

गौरतलब है कि डीवीसी के बोकारो थर्मल पावर प्लांट से झारखंड के अलावा दिल्ली, पंजाब और बिहार समेत विभिन्न क्षेत्रों को बिजली की आपूर्ति की जाती है। ऐसे में 500 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट के बंद होने से बिजली उत्पादन पर असर पड़ने के साथ ही अन्य पावर प्लांटों पर अतिरिक्त भार बढ़ने की संभावना है। हालांकि, यूनिट को निर्धारित समय के भीतर चालू करने के लिए प्लांट प्रबंधन द्वारा आवश्यक तकनीकी तैयारियां की जा रही हैं।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *