

गोविंदपुर, 27 अगस्त। बैरियो, गोविंदपुर स्थित क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल में 22 से 27 अगस्त तक रक्षाबंधन सप्ताह बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सप्ताह भर चले विभिन्न कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रेम, सम्मान, कृतज्ञता, करुणा और देशभक्ति जैसे जीवन मूल्यों से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत 22 अगस्त को आयोजित राखी निर्माण प्रतियोगिता से हुई। इसमें नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कल्पना और रचनात्मकता से रंग-बिरंगी, सुंदर और आकर्षक राखियां बनाईं।


विद्यालय की ओर से एक सराहनीय पहल करते हुए 24 अगस्त को बच्चों द्वारा बनाई गई इन राखियों को डाकघर के माध्यम से भारतीय सेना के वीर जवानों के लिए भेजा गया। इस पहल के माध्यम से बच्चों ने देश की सीमाओं पर दिन-रात तैनात रहकर देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के प्रति अपना सम्मान, स्नेह और आभार व्यक्त किया।


सप्ताह का समापन समारोह 27 अगस्त को विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय के सहयोगी कर्मचारियों – जिनमें सुरक्षा कर्मी, सफाई कर्मी, चालक और अन्य कर्मचारी शामिल थे – को राखी बांधकर उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर बच्चों और कर्मचारियों के बीच अपनत्व और सम्मान का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक श्री ईसा शमीम ने कहा, “इस तरह के आयोजन बच्चों को सिर्फ त्योहारों से ही परिचित नहीं कराते, बल्कि उन्हें कृतज्ञता, सम्मान, संवेदनशीलता और देशभक्ति जैसे जीवन-मूल्यों को समझने और आत्मसात करने की प्रेरणा भी देते हैं।”
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती विजेता दास ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के इस आयोजन ने बच्चों को प्रेम और रिश्तों के महत्व के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने का एक सुनहरा अवसर दिया है।
कुल मिलाकर विद्यालय में आयोजित रक्षाबंधन की यह पूरी श्रृंखला ‘राखी से रिश्तों तक और रिश्तों से राष्ट्र तक’ प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता का अनुपम संदेश देने वाली रही।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
