
झरिया/धनबाद:
बीते दिनों बस्ताकोला स्थित एक आटा मिल में कार्यरत उमेश यादव की अपराधियों द्वारा लूट के इरादे से गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद शुक्रवार को झरिया विधायक रागिनी सिंह बस्ताकोला विक्ट्री स्थित उनके आवास पहुंचीं। उन्होंने दिवंगत उमेश यादव के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा इस दुख की घड़ी में परिवार को हरसंभव सहयोग और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

विधायक ने परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस जघन्य घटना से पूरा क्षेत्र मर्माहत है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी घटना को अंजाम देने का दुस्साहस न कर सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस मामले में न्याय दिलाने के लिए वह हर स्तर पर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रहेंगी।

विधायक रागिनी सिंह ने कहा, “उमेश यादव की निर्मम हत्या अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मैं शोकाकुल परिवार के दुःख में बराबर की सहभागी हूं। इस कठिन समय में उन्हें यह विश्वास दिलाने आई हूं कि न्याय की इस लड़ाई में वे अकेले नहीं हैं। दोषियों को हर हाल में कानून के दायरे में लाकर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। मैं प्रशासन से मांग करती हूं कि मामले की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच कर अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।”
रागिनी सिंह ने दिवंगत उमेश यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि समाज में कानून का राज कायम रखने के लिए अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई बेहद जरूरी है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
