
नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड में पंचायत समिति के उप प्रमुख लव कुमार सिंह के विरुद्ध लाया गया अविश्वास प्रस्ताव शनिवार को कोरम पूरा नहीं होने के कारण खारिज हो गया। इसको लेकर प्रखंड कार्यालय स्थित बहुद्देशीय सभागार भवन में विशेष बैठक बुलाई गई थी, लेकिन आवश्यक संख्या में पंचायत समिति सदस्य उपस्थित नहीं हो सके।जानकारी के अनुसार पंचायत समिति नवीनगर में कुल निर्वाचित सदस्यों की संख्या 35 है। बिहार पंचायत राज अधिनियम-2006 की धारा 44(3) के तहत अविश्वास प्रस्ताव पर विचार और चर्चा के लिए कुल सदस्यों के दो तिहाई सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य होती है। नियमानुसार बैठक के लिए कम से कम 24 सदस्यों का उपस्थित होना जरूरी था, लेकिन बैठक में केवल 21 सदस्य ही पहुंचे।

आवश्यक कोरम पूरा नहीं होने के कारण अविश्वास प्रस्ताव पर किसी प्रकार की अग्रेत्तर कार्रवाई नहीं हो सकी। कार्यपालक पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण सिंह ने नियमों का हवाला देते हुए बैठक को स्थगित कर अविश्वास प्रस्ताव को खारिज घोषित कर दिया। बैठक में औरंगाबाद के वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव प्रेक्षक के रूप में मौजूद रहे तथा पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते रहे।
बैठक के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे। गौरतलब है कि इससे एक दिन पूर्व शुक्रवार को नवीनगर प्रखंड प्रमुख चित्रा कुमारी के विरुद्ध लाया गया अविश्वास प्रस्ताव भी कोरम के अभाव में खारिज हो गया था।
उस बैठक में 35 सदस्यों में से मात्र 2 सदस्य ही उपस्थित हुए थे। लगातार दो दिनों तक प्रमुख और उप प्रमुख के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का कोरम पूरा नहीं होना प्रखंड की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
